Page Loader
शारीरिक शिक्षा विषय से ऐसे करें UGC NET की तैयारी, बढ़ जाएगी सफलता की संभावना
शारीरिक शिक्षा से UGC NET की तैयारी (तस्वीरः फ्रीपिक)

शारीरिक शिक्षा विषय से ऐसे करें UGC NET की तैयारी, बढ़ जाएगी सफलता की संभावना

लेखन राशि
Apr 07, 2023
04:18 pm

क्या है खबर?

भारत में हजारों युवा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) की तैयारी करते हैं। कई युवा शारीरिक शिक्षा विषय से तैयारी करते हैं। परीक्षा पास करने के बाद वे किसी भी विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर काम कर सकते हैं या शोध के लिए फेलोशिप हासिल कर सकते हैं। इस विषय से परीक्षा पास करने के लिए विशेष रणनीति की आवश्यकता होती है। आइए शारीरिक शिक्षा से UGC NET की तैयारी की टिप्स जानते हैं।

पाठ्यक्रम

शारीरिक शिक्षा का पाठ्यक्रम क्या है?

UGC NET के लिए शारीरिक शिक्षा के पाठ्यक्रम को 10 खंड़ों में बांटा गया है। खंड 1- शारीरिक शिक्षा, प्रगति और विकास खंड 2- व्यायाम परक शारीरिक शिक्षा खंड 3- गति विज्ञान और जैव यांत्रिकी खंड 4- खेल मनोविज्ञान खंड 5- भारत में शारीरिक शिक्षा और विकास खंड 6- स्वास्थ्य शिक्षा, महत्व और सिद्धांत खंड 7- खेलकूद प्रशिक्षण और सिद्धांत खंड 8- शारीरिक शिक्षा में शोध खंड 9- परीक्षण, मापन और मूल्यांकन खंड 10- प्रबंधन (कार्मिक, वित्तीय, सुविधा) और जनसंपर्क

किताबप्र

कौनसी किताबें पढ़ें?

शारीरिक शिक्षा के लिए किताबों का चयन करते समय पाठ्यक्रम का ध्यान रखें। सही जानकारियों के साथ नवीन संस्करण की किताबें ही खरीदें। उम्मीदवार अरिहंत पब्लिकेशन के सामान्य पेपर 1 शिक्षण और अनुसंधान योग्यता, दिशा पब्लिकेशन की UGC NET शारीरिक शिक्षा अध्ययन गाइड, ट्रूमैन पब्लिकेशन की UGC NET शारीरिक शिक्षा सैंपल पेपर, पियर्सन पब्लिकेशन और आरपीएच संपादकीय बोर्ड की शारीरिक शिक्षा सवालों के साथ उत्तरों की गाइड, हरमीत सिंह, प्रवेंद्र चौधरी की शारीरिक शिक्षा किताब का उपयोग कर सकते हैं।

महत्वपूर्ण

इन महत्वपूर्ण टॉपिकों पर ध्यान देना है जरूरी

पाठ्यक्रम में कई सारी जानकारियों को पढ़ना होगा, लेकिन कुछ महत्वपूर्ण खंडों पर ध्यान देना भी जरूरी है। इसमें प्राचीन और आधुनिक ओलंपिक खेल, प्रमुख खेल पुरस्कार, खेलकूद में महिलाएं, महिला एथलीटों के साथ लैंगिक भेदभाव, खेलकूद का रैखिक और गतीय विज्ञान, अन्य देशों की तुलना में भारत में शारीरिक शिक्षा, शारीरिक शिक्षा की शोध विधियां, सांख्यिकीय प्रक्रियाएं, स्वास्थ्य परीक्षण के प्रमुख घटक, प्रबंधन के उद्देश्य और सिद्धांत, खेल प्रबंधक की भूमिका, खेल का मनोविज्ञान से संबंधित जानकारियां महत्वपूर्ण हैं।

तैयारी

ऐसे करें तैयारी

UGC NET की तैयारी करने के लिए एक अच्छी अध्ययन योजना बनाएं। प्रतिदिन कम से कम 5 से 6 घंटे पढ़ाई करें। लक्ष्य बना कर पढ़ाई करें और कठिन खंडों को समझने के लिए शैक्षिक वीडियो की मदद लें। शारीरिक शिक्षा में अधिकतर खंड वर्तमान परिस्थितियों से संबंधित हैं। ऐसे में इन्हें रटने के बजाय समझें। इस विषय की समसामयिक घटनाओं की जानकारी के लिए रोजाना अखबार पढ़ें। प्रत्येक खंड के लिए संक्षिप्त नोट्स बनाएं और इनका बार-बार रिवीजन करें

अभ्यास

समय प्रबंधन पर काम करें

UGC NET की परीक्षा में सफल होने के लिए समय प्रबंधन मजबूत होना चाहिए। समय प्रबंधन में कुशल होने के लिए ज्यादा से ज्यादा मॉक टेस्ट का अभ्यास करें। इससे कमजोर क्षेत्रों की पहचान भी होगी। इसके अलावा उम्मीदवार पिछले साल के प्रश्नपत्रों को जरूर हल करें। इससे परीक्षा पैटर्न के साथ परीक्षा में दोहराए जाने वाले प्रश्नों को लेकर समझ विकसित होगी। पेपर में जिन सवालों का जबाव आप नहीं दे पाएं है, उन्हें अच्छे से तैयार करें।