Page Loader
कठिन होता जा रहा है UPSC CSAT में गणित का स्तर, ऐसे करें तैयारी
UPSC CSAT के लिए गणित की तैयारी (तस्वीरः फ्रीपिक)

कठिन होता जा रहा है UPSC CSAT में गणित का स्तर, ऐसे करें तैयारी

लेखन राशि
Mar 31, 2023
04:51 pm

क्या है खबर?

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य अध्ययन के पेपर के अलावा सिविल सर्विसेज एप्टीट्यूट टेस्ट (CSAT) भी होता है। CSAT पेपर 200 अंक का होता है, जिसमें 80 सवाल पूछे जाते हैं। इसमें गणित, रीजनिंग, अंग्रेजी कॉन्प्रिहेंसन से संबंधित सवाल पूछे जाते हैं। आर्ट्स संकाय के अधिकांश छात्र CSAT के पेपर में गणित विषय में कठिनाई महसूस करते हैं। आइए जानते हैं CSAT के लिए गणित की तैयारी कैसे करें।

गणित

गणित में क्या-क्या पढ़ना चाहिए?

CSAT के लिए गणित के पाठ्यक्रम को मुख्य रूप से 2 भागों में बांटा जा सकता है। मूल अंकज्ञान, इसमें संख्या प्रणाली, LCM और HCF, परिमेय संख्याएं, दशमलव भिन्न, करणी और सूचकांक, अनुपात और समानुपात, औसत, सेट सिद्धांत, विभाज्यता नियम, शेष प्रमेय आदि शामिल हैं। सामान्य मानसिक क्षमता, इसमें साझेदारी, लाभ और हानि, समय और दूरी, समय और काम, काम और मजदूरी, पाइप और टंकी, साधारण ब्याज और चक्रवृद्धि ब्याज, आरोप और मिश्रण, क्रम परिवर्तन, संभावना जैसे टॉपिक पढ़ने होंगे।

गणित

मूल अवधारणाओं को समझने के लिए इन किताबों की मदद लें

गणित में उच्च अवधारणाओं पर जाने से पहले बुनियादी अवधारणाओं से तैयारी की शुरुआत करें। अगर अवधारणाओं को अच्छे से समझना चाहते हैं तो कक्षा 5 से कक्षा 8 तक की NCERT किताबों का उपयोग करें। इसके बाद 9वीं से लेकर 10वीं तक की पुस्तकों से अभ्यास करें। इसके अलावा आर एस अग्रवाल की गणित, दृष्टि IAS की गणित की किताब का इस्तेमाल कर सकते हैं। मुश्किल अवधारणाओं को समझने के लिए यूट्यूब पर उपलब्ध शैक्षिक वीडियो की मदद लें।

याद

फॉर्मूले और वर्गमूल याद करें

गणित में अधिकतर चीज़ें समझने की ही होती हैं, लेकिन फॉर्मूले याद करना जरूरी है। फॉर्मूले याद करने के बाद सवालों को हल करने में उनका उपयोग करें। फॉर्मूले, महत्वपूर्ण तकनीक और शॉर्टट्रिक को एक कॉपी में नोट कर लें और इनका रिवीजन करें। 1 से 50 तक की संख्याओं का वर्ग, 1 से 15 या 20 तक के पहाड़े और 10 तक के वर्गमूल आदि याद कर लें। इससे सवालों को जल्दी हल करने में आसानी होगी।

मॉक टेस्ट

मॉक टेस्ट का अभ्यास करें, शॉर्टकट सीखें

गणित में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अभ्यास सबसे ज्यादा जरूरी है। कोई भी टॉपिक समझने के बाद उससे संंबंधित सवालों को बार-बार हल करके देखें। उम्मीदवार पिछले साल के प्रश्नपत्रों को हल करें। इससे परीक्षा पैटर्न का पता चल सकेगा। मॉक टेस्ट को निर्धारित समय में हल करने का प्रयास करें। समय प्रबंधन मजबूत करें। मॉक टेस्ट देने के बाद अवलोकन करें, जिन सवालों में ज्यादा समय लग रहा है उन्हें हल करने के लिए शॉर्टकट सीखें।