Page Loader
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने रद्द की CGL परीक्षा, ये है कारण
JSSC CGL परीक्षा हुई स्थगित

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने रद्द की CGL परीक्षा, ये है कारण

लेखन राशि
Jan 31, 2024
05:26 pm

क्या है खबर?

झारखंड के युवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण खबर है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL) रद्द कर दी है। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, 28 जनवरी को तीनों पालियों में आयोजित हुई परीक्षा निरस्त कर दी गई है। इसके साथ ही 4 फरवरी यानि रविवार के दिन भी परीक्षा का आयोजन नहीं होगा। बता दें कि इस परीक्षा के लिए लगभग 6.5 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था।

कारण

इस कारण रद्द की गई परीक्षा

28 जनवरी को झारखंड के 735 परीक्षा केंद्रों पर 3 पालियों में CGL परीक्षा का आयोजन किया गया था। इसमें लगभग 3 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। पेपर में शामिल हुए अभ्यर्थियों ने तीसरे पेपर की परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का आरोप लगाया था। अभ्यर्थियों के मुताबिक, प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले ही लीक हो गया था। छात्रों की शिकायत पर JSSC ने तीसरी पाली की परीक्षा को रद्द कर दिया था।

पेपर लीक

करीब 70 प्रश्न हुए थे लीक

अभ्यर्थियों के मुताबिक, एक कागज पर करीब 70 प्रश्न और उत्तर लिखे हुए थे, इसकी तस्वीर वायरल हुई थी। परीक्षा संपन्न होने के बाद प्रश्नपत्र का मिलान किया गया तो लगभग 70 से 80 प्रतिशत उत्तर सही पाए गए थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि पेपर में कुल 150 सवाल पूछे गए थे, जो झारखंड सामान्य ज्ञान, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर, सामान्य ज्ञान और रीजनिंग से जुड़े थे। इसमें सामान्य ज्ञान के सवाल और उनके जवाब पहले ही लीक हो गए थे।

परीक्षा तारीख

जल्द ही घोषित की जाएंगी नई परीक्षा तारीख

आधिकारिक अधिसूचना के मुताबिक, 28 जनवरी और 4 फरवरी को रद्द हुई परीक्षा के लिए जल्द ही नई तारीखें घोषित की जाएंगी। उम्मीदवार परीक्षा आयोजन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें। JSSC के मुताबिक, परीक्षा का आयोजन सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन और पूर्ण समीक्षा के बाद किया जाना आवश्यक है। ऐसे में अब परीक्षा पुनर्निधारित की जाएगी और नई तारीखें जल्द ही प्रकाशित की जाएंगी।

भर्ती

इतने पदों पर होनी है भर्ती

इस भर्ती अभियान के जरिए 2,017 नियमित पद और 8 बैकलॉग पदों पर भर्ती होनी है। नियमित भर्ती में 863 पदों पर सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, 335 पदों पर कनीय सचिवालय सहायक की नियुक्ति होगी। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के 182 पद, प्लानिंग असिस्टेंट के 5 पद, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के 195 पद, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के 252 पद और अंचल निरीक्षक के 185 पद हैं। कनीय सचिवालय सहायक के 8 बैकलॉग पदों पर नियुक्ति होगी।