Page Loader
झारखंड से दिल्ली जा रही सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में गोलीबारी, बाल-बाल बचे लोग
झारखंड से दिल्ली जा रही सियालदाह राजधानी एक्सप्रेस में गोलीबारी (प्रतीकात्मक तस्वीर: अनस्प्लैश)

झारखंड से दिल्ली जा रही सियालदह राजधानी एक्सप्रेस में गोलीबारी, बाल-बाल बचे लोग

लेखन गजेंद्र
Oct 13, 2023
01:23 pm

क्या है खबर?

झारखंड से दिल्ली जा रही सियालदह राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में गोली चलने का मामला सामने आया है। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 12 अक्टूबर की है। आरोपी 41 वर्षीय हरविंदर सिंह हैं, जो 2019 में सेना से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। वह धनबाद से दिल्ली के लिए B-8 बोगी में चढ़े थे। गोलीबारी के बाद ट्रेन में हड़कंप मच गया। आरोपी को कोडरमा में उतारकर गिरफ्तार किया गया है।

गोलीबारी

निजी सिक्योरिटी कंपनी में कार्यरत हैं आरोपी

मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया कि आरोपी को डिब्बे में जगह नहीं मिली तो वह शौचालय के पास खड़े हो गए। इसी दौरान उनकी लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग हुई। कुछ रिपोर्ट्स में अटेंडेंट से उनकी बहस की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि नशे का पता लगाने के लिए आरोपी के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। घटना के बाद ट्रेन के यात्री काफी सहम गए। उन्होंने ट्रेन की तलाशी की मांग की।

घटना

जुलाई में ट्रेन में हुई गोलीबारी में 4 की हुई थी मौत

इससे पहले जुलाई में जयपुर-मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में गोलीबारी का मामला सामने आया था, जिसमें 4 लोगों की मौत हुई थी। पालघर स्टेशन के पास रेलवे सुरक्षा बल के पूर्व कांस्टेबल चेतन सिंह चौधरी ने 31 जुलाई को अपने वरिष्ठ अधिकारी टीकाराम और 3 अन्य यात्रियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी चौधरी पर हत्या समेत धर्म के आधार पर समूहों के बीच दुश्मनी भड़काने का मामला दर्ज हुआ था।