
ओला इलेक्ट्रिक में बड़ी छंटनी, 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों को नौकरी से निकाल रही कंपनी
क्या है खबर?
ओला इलेक्ट्रिक 1,000 से ज्यादा कर्मचारियों और अनुबंधित श्रमिकों की छंटनी कर रही है।
भाविश अग्रवाल की कंपनी घाटे को कम करने के लिए यह कदम उठा रही है। इस छंटनी का असर कई विभागों पर पड़ा है, जिनमें खरीद, पूर्ति, ग्राहक संबंध और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं।
यह पिछले 5 महीनों में दूसरी बार है जब कंपनी ने इतनी बड़ी संख्या में कर्मचारियों की छंटनी की है। नवंबर, 2023 में भी 500 कर्मचारियों की नौकरियां खत्म की गई थीं।
वजह
लागत घटाने के लिए छंटनी
ओला इलेक्ट्रिक अपने ग्राहक संबंध संचालन को स्वचालित कर रही है, जिससे कई भूमिकाएं खत्म हो रही हैं।
इसी कारण कंपनी अपने फ्रंट-एंड सेल्स, सर्विस और वेयरहाउस स्टाफ की भी छंटनी कर रही है। लागत घटाने के लिए लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी रणनीति बदली जा रही है।
अगस्त में शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद से ओला के शेयर 60 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। ग्राहक शिकायतें बढ़ रही हैं, सोशल मीडिया पर आलोचना तेज हो रही है।
बाजार स्थिति
ओला की बाजार स्थिति कमजोर
ओला इलेक्ट्रिक की बाजार स्थिति कमजोर हो रही है। फरवरी में कंपनी ने 25,000 से अधिक स्कूटर बेचे, लेकिन यह इसके 50,000 यूनिट के लक्ष्य से काफी कम रहा।
दिसंबर में बजाज ऑटो ने इसे पीछे छोड़ दिया, और अब ओला भारत के 10 प्रमुख EV बाजारों में से 9 में अपनी अग्रणी स्थिति गंवा चुकी है।
ग्राहक सेवा सुधारने के लिए कंपनी ने 3,200 नए स्टोर खोले, लेकिन अभी भी हर महीने करीब 80,000 शिकायतें दर्ज कर रहे हैं।