Page Loader
भारत की GDP 2026 में 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान, बनी रहेगी सबसे तेज अर्थव्यवस्था 
भारत की GDP 2026 में 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान

भारत की GDP 2026 में 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान, बनी रहेगी सबसे तेज अर्थव्यवस्था 

Jul 01, 2025
02:43 pm

क्या है खबर?

भारत की अर्थव्यवस्था 2026 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बनी रहेगी। मॉर्गन स्टेनली की रिपोर्ट के अनुसार, उस साल भारत की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) वृद्धि दर 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है, जबकि 2025 की चौथी तिमाही में यह दर 5.9 प्रतिशत हो सकती है। रिपोर्ट में भारत को उन देशों में रखा गया है, जो मजबूत घरेलू मांग और सुधारों के चलते आर्थिक रूप से आगे बढ़ते रहेंगे।

असर

वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी का असर दिखेगा 

मॉर्गन स्टेनली का मानना है कि 2025 में वैश्विक आर्थिक वृद्धि की रफ्तार घटकर 2.5 प्रतिशत रह जाएगी, जो 2024 में 3.5 प्रतिशत थी। वैश्विक व्यापार नीति में अनिश्चितता और व्यापार में झटकों के कारण कई देश अपने विकास के संभावित स्तर से नीचे चले जाएंगे। अमेरिका, यूरोप और चीन की विकास दर में भी गिरावट आने की संभावना जताई गई है। इन देशों की कमजोर मांग, उपभोग और निर्यात इसमें अहम भूमिका निभाएंगे।

अन्य देश

चीन, अमेरिका और जापान की रफ्तार धीमी रहेगी 

रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की विकास दर 2024 में 2.5 प्रतिशत से घटकर 2025 और 2026 में 1 प्रतिशत तक रह सकती है। यूरोजोन में भी आर्थिक वृद्धि कमजोर रह सकती है, जबकि चीन की विकास दर 2025 में 4 प्रतिशत और 2026 में 4.2 प्रतिशत रहने का अनुमान है। जापान में निर्यात पर असर पड़ेगा, लेकिन उपभोक्ता खर्च अच्छा रहने की उम्मीद है। टैरिफ और वैश्विक अस्थिरता के कारण इन देशों की अर्थव्यवस्थाओं में सुस्ती देखी जा सकती है।

प्रदर्शन

एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भारत बना रहेगा मजबूत खिलाड़ी 

रिपोर्ट में कहा गया है कि एशिया-प्रशांत और उभरते बाजारों में कुछ देशों के लिए स्थिति बेहतर रहेगी। भारत, सिंगापुर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों में घरेलू सुधारों और मांग के चलते सकारात्मक रुख बना रहेगा। भारत में खुदरा और संस्थागत निवेश मजबूत रहेगा, जिससे इक्विटी बाजार में स्थिरता मिलेगी। हालांकि, भारतीय बाजार को ऐतिहासिक स्तर पर थोड़ा महंगा माना गया है, फिर भी निवेशकों को इससे सकारात्मक उम्मीदें बनी रहेंगी।