Page Loader
SBI रिपोर्ट में दावा- 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा भारत
SBI ने कहा कि 2027 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा

SBI रिपोर्ट में दावा- 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा भारत

लेखन आबिद खान
Jul 27, 2023
07:31 pm

क्या है खबर?

अगर देश की विकास दर इसी रफ्तार से जारी रही तो साल 2027 (वित्त वर्ष 2027-28) तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपनी रिसर्च में ये दावा किया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2027 तक भारत जापान और जर्मनी को पीछे छोड़ देगा। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि 2021 से 2027 के बीच भारत ऑस्ट्रेलिया की मौजूदा अर्थव्यवस्था के बराबर वृद्धि करेगा।

2029

उम्मीद से 2 साल पहले लक्ष्य हासिल कर लेगा भारत

बैंक ने पहले कहा था कि भारत 2029 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। हालांकि, मौजूदा आंकड़ों के लिहाज से इस लक्ष्य को 2 साल पहले ही प्राप्त किया जा सकता है। बैंक ने कहा, "मार्च, 2023 तक के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) आंकड़ों के आधार पर भारत को 2027 में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का टैग मिलने की संभावना है। ये 2014 से 7 स्थान ऊपर है, तब भारत 10वें स्थान पर था।"

2024

2024 की पहली तिमाही में 8.1 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी GDP

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 2024 की पहली तिमाही में देश की GDP 8.1 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी। इससे पूरे वित्त वर्ष में GDP की विकास दर 6.5 प्रतिशत से ज्यादा हो जाएगी। 2027 तक वैश्विक GDP में भारत की हिस्सेदारी भी 4 प्रतिशत से ज्यादा होने का अनुमान है। बता दें कि वर्तमान में वैश्विक GDP में भारत का योगदान 3.5 प्रतिशत है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र-उत्तर प्रदेश की GDP 500 अरब डॉलर से ज्यादा होगी

रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2027 तक कम से कम 2 भारतीय राज्य (महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश) का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) 500 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर जाएगा। रिपोर्ट में दावा किया गया कि 2027 में कई प्रमुख भारतीय राज्यों की GDP का आकार वियतनाम और नॉर्वे जैसे एशियाई और यूरोपीय देशों के आकार से भी ज्यादा होगा। अर्थशास्त्रियों ने इसे उल्लेखनीय उपलब्धि बताया है।

मोदी

प्रधानमंत्री ने किया था देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का वादा

26 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का वादा किया था। दिल्ली में 'भारत मंडपम' के उद्घाटन समारोह में उन्होंने कहा था, "हमारे पहले कार्यकाल में हमारी अर्थव्यवस्था दुनिया में 10वें स्थान पर थी। दूसरे कार्यकाल में हम पांचवें स्थान पर पहुंचे हैं। मेरे तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। ये मेरी गारंटी है। मेरे तीसरे कार्यकाल में हमारे विकास की यात्रा तेज होगी।"