Page Loader
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्धविराम के समर्थन में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्यों दिया धन्यवाद? 
रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया है

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन युद्धविराम के समर्थन में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को क्यों दिया धन्यवाद? 

लेखन आबिद खान
Mar 14, 2025
11:26 am

क्या है खबर?

रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने के लिए अमेरिका ने 30 दिन का युद्धविराम प्रस्ताव पेश किया है, जिस पर यूक्रेन ने पहले ही सहमति जता दी थी। अब रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इस पर सहमत होने के संकेत दिए हैं। वहीं, पुतिन ने संघर्ष को सुलझाने के प्रयासों के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित विश्व नेताओं को धन्यवाद दिया है।

बयान

युद्धविराम को लेकर क्या बोले पुतिन?

बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में पुतिन ने कहा, "रूस शत्रुता समाप्त करने के प्रस्तावों से सहमत है, लेकिन हमें इस बात का भरोसा दिलाया जाए कि युद्ध विराम के बाद दीर्घकालिक शांति आएगी। जिन वजहों से परिस्थिति पैदा हुई है, उन्हें खत्म किया जाएगा। हमें हमारे अमेरिकी सहयोगियों के साथ बात करने की जरूरत है। हो सकता है कि मैं डोनाल्ड ट्रंप से बात करूं।"

युद्ध

पुतिन ने युद्धविराम को लेकर ये सवाल भी उठाए

पुतिन ने कहा, "उन 30 दिनों का कैसे इस्तेमाल होगा? यूक्रेन को क्या संगठित करना है? दोबारा हथियारबंद करना है? लोगों को प्रशिक्षित करना है? या इनमें से कुछ भी नहीं है? एक सवाल है कि इसे कैसे नियंत्रित किया जाएगा? कौन तय करेगा कि 2,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर किसी संभावित युद्ध विराम को किसने तोड़ा है? इन सभी सवालों पर दोनों पक्षों की तरफ से सावधानीपूर्वक काम करने की जरूरत है।"

धन्यवाद

राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में क्या कहा?

जब पुतिन से पूछा गया कि वह युद्ध विराम के लिए यूक्रेन की तत्परता पर क्या राय रखते हैं तो उन्होंने कहा, "मैं यूक्रेन समझौते पर इतना ध्यान देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देकर शुरुआत करना चाहुंगा। कई नेता इस मुद्दे को संबोधित कर रहे हैं और इसे अपना बहुत समय दे रहे हैं। इनमें चीन के राष्ट्रपति, भारत के प्रधानमंत्री, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति शामिल हैं। हम इसके लिए उन सभी के आभारी हैं।"

बैठक

सऊदी अरब में हुई थी अमेरिका यूक्रेन की बैठक

युद्धविराम को लेकर सऊदी अरब के जेद्दाह में अमेरिका और यूक्रेन के प्रतिनिधियों की बैठक हुई थी। इसके बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा था कि यूक्रेन अमेरिका द्वारा प्रस्तावित 30 दिन के युद्धविराम पर सहमत है और अब अमेरिका को रूस को मनाना चाहिए। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने उम्मीद जताई थी कि रूस भी युद्धविराम पर सहमत होगा। उन्होंने कहा था कि रूस को बिना किसी शर्त युद्धविराम पर सहमत होना चाहिए।

मुलाकात

ट्रंप ने की थी जेलेंस्की से मुलाकात

हाल ही में व्हाइट हाउस में जेलेंस्की ने ट्रंप से मुलाकात की थी। दुनियाभर की मीडिया के सामने हुई इस मुलाकात में दोनों के बीच बहस हो गई थी। इसके बाद ट्रंप ने जेलेंस्की को व्हाइट हाउस छोड़ने के लिए कह दिया था और यूक्रेन को दी जाने वाली सैन्य खुफिया जानकारी और सहायता पर रोक लगा दी थी। ट्रंप ने कहा था कि जेलेंस्की की जिद की वजह से दुनिया तीसरे विश्व युद्ध की ओर आगे बढ़ रही है।