Page Loader
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिकी संसद को किया संबोधित, जानें क्या कहा
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की के संबोधन के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस भी मौजूद रहीं

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिकी संसद को किया संबोधित, जानें क्या कहा

Dec 22, 2022
11:21 am

क्या है खबर?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने बुधवार को वॉशिंगटन डीसी में अमेरिकी संसद को संबोधित किया। अपने संबोधन में जेलेंस्की ने कहा कि सभी बाधाओं और निराशा के बावजूद यूक्रेन ने हार नहीं मानी है और उनका देश लड़ रहा है। संबोधन से पहले उन्होंने व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ मुलाकात की। इस साल फरवरी में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद जेलेंस्की की यह पहली विदेश यात्रा है।

संबोधन

युद्ध के लिए अमेरिका की सहयता महत्वपूर्ण- जेलेंस्की

जेलेंस्की ने कहा, "मुझे यूक्रेन और अमेरिका के गठबंधन पर विश्वास है। यूक्रेन ने कभी भी अमेरिकी सैनिकों को हमारी जमीन पर लड़ने के लिए नहीं कहा। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि यूक्रेनी सैनिक खुद अमेरिकी टैंकों और विमानों को पूरी तरह से संचालित कर सकते हैं।" उन्होंने कहा कि युद्ध के लिए अमेरिका की वित्तीय सहायता बहुत महत्वपूर्ण है और यह वैश्विक सुरक्षा में एक निवेश की तरह है।

युद्ध

दुनिया युद्ध को नजरअंदाज नहीं कर सकती- जेलेंस्की

जेलेंस्की ने आगे कहा कि युद्ध को रोका या स्थगित नहीं किया जा सकता है और आज के दौर में दुनिया आपस में इतनी जुड़ी हुई है कि इस युद्ध को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं हो सकता है कि कोई युद्ध से अलग रहे और अपने आप को सुरक्षित भी महसूस करे। जेलेंस्की के अनुसार, युद्ध यूक्रेन के सैनिकों पर निर्भर करता है, लेकिन इसके साथ-साथ दुनिया पर भी निर्भर करता है।

बयान

जेलेंस्की ने और क्या कहा?

अपने संबोधन में यूक्रेन और अमेरिका के साझा मूल्यों पर बात रखते हुए जेलेंस्की ने कहा, "मानवता के खिलाफ जारी इस लड़ाई में हम दोनों देश सहयोगी हैं और अगला साल बेहद अहम है जिसमें (युद्ध) एक महत्वपूर्ण मोड़ से गुजरेगा।" उन्होंने कहा कि यूक्रेन के साहस और अमेरिका के संकल्प से यूक्रेन की जनता की स्वतंत्रता के भविष्य की गारंटी मिल सकती है। अमेरिकी सांसदों ने खड़े होकर और ताली बजाकर जेलेंस्की का अभिवादन किया।

ऐलान

अमेरिका ने किया सैन्य सहायता का ऐलान

जेलेंस्की के दौरे पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन के लिए 1.85 अरब डॉलर (15,304 करोड़ रुपये) की सैन्य सहायता देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूक्रेन के लोगों ने जो हासिल किया है, वह पूरी दुनिया के लिए मायने रखता है। अमेरिका और यूक्रेन मिलकर स्वतंत्रता की ज्योति को प्रज्वलित रखेंगे।" उन्होंने कहा कि अमेरिका यूक्रेन के लोगों का सहयोग करता रहेगा।

पृष्ठभूमि

24 फरवरी से जारी है रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध

बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था और तभी से दोनों देशों में युद्ध जारी है। हालिया समय में युद्ध में रूस को कई बड़े झटके लगे हैं और यूक्रेनी सेना कई शहरों को उसके कब्जे से छुड़ा चुकी है। युद्ध में हजारों सैनिकों की मौत हुई है, लेकिन दोनों देश सैनिकों की मौत की असल संख्या को छिपाते आए हैं। उनकी तरफ से जारी संख्या अनुमानों की तुलना में बेहद कम है।