ईरान-इजरायल युद्ध के बीच दुबई में फंसीं सोनल चौहान, प्रधानमंत्री मोदी से लगाई मदद की गुहार
क्या है खबर?
मध्य-पूर्व में ईरान और इजरायल के बीच छिड़े भीषण संघर्ष ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस युद्ध के कारण 'जन्नत' से मशहूर हुईं बॉलीवुड अभिनेत्री सोनल चौहान दुबई में फंस गई हैं। दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानों के रद्द होने और सुरक्षा के बिगड़ते हालातों को देखते हुए सोनल ने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्रालय से भारत सुरक्षित वापसी के लिए मदद की अपील की है।
चिंता
अभिनेत्री ने जताई सुरक्षा की चिंता
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और शनिवार को अमेरिका व इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए मिसाइल हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारी उथल-पुथल मची हुई है। इस युद्ध जैसी स्थिति के बीच सोनल दुबई में फंस गई हैं। शहर में उड़ानों का संचालन पूरी तरह से निलंबित होने के कारण उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और सुरक्षित वापसी के लिए गुहार लगाई है। उन्होंने सरकार से सहायता और मार्गदर्शन की अपील की है।
मदद
अभिनेत्री ने प्रधानमंत्री मोदी से मांगी मदद
सोशल मीडिया का सहारा लेते हुए सोनल ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील की है। उन्होंने भारत सरकार से इस मामले में हस्तक्षेप करने और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने में मदद करने का आग्रह किया है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि मौजूदा युद्ध की स्थिति और दुबई में पैदा हुए संकट के बीच वे हस्तक्षेप करें और उन्हें भारत वापस लाने में सहायता प्रदान करें।
वापसी
दुबई में फंसी सोनल चौहान, बोलीं- सुरक्षित घर लौटना है
सोनल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी आपबीती सुनाई है। उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री को टैग करते हुए अपनी सुरक्षा और वापसी को लेकर चिंता जताई है। सोनल ने लिखा, 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, मैं मौजूदा संकट के बीच इस समय दुबई में फंसी हुई हूं। उड़ानें रद्द कर दी गई हैं और भारत लौटने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं दिख रहा है। मैं सुरक्षित घर वापस आने के लिए सरकार के मार्गदर्शन और सहायता की गुहार लगा रही हूं।'
उम्मीद
संकट में मदद की उम्मीद
सोनल ने अपील में आगे लिखा, 'मैं भारत सरकार से किसी भी प्रकार की सहायता और सुरक्षित वापसी के लिए मार्गदर्शन की अत्यधिक आभारी रहूंगी।' उन्होंने न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि भारतीय विदेश मंत्रालय और दुबई में स्थित भारतीय दूतावास को भी टैग किया है ताकि उन तक यह संदेश तुरंत पहुंच सके। सोनल ने स्पष्ट किया है कि वह युद्ध के इस माहौल में सरकार के निर्देशों का इंतजार कर रही हैं ताकि वह सही सलामत वतन लौट सकें।
कारण
धमाकों और सुरक्षा खतरे के कारण रोका गया विमानों का परिचालन
अमेरिका और इजरायल के संयुक्त गठबंधन द्वारा ईरान पर किए गए 'आक्रामक सैन्य हमले' के बाद पूरे मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर है। स्थिति अब केवल 2 देशों तक सीमित न रहकर व्यापक क्षेत्रीय युद्ध का रूप ले चुकी है। दुबई, अबू धाबी, दोहा, रियाद, मनामा और अम्मान जैसे प्रमुख शहरों में धमाकों की खबरें आईं। सुरक्षा खतरों के कारण इन शहरों में विमानों का परिचालन पूरी तरह रोक दिया गया है, जिससे सोनल और हजारों यात्री फंसे हैं।