पेंटागन विवाद से एंथ्रोपिक क्लाउड को हुआ फायदा, ऐप स्टोर में दूसरे पायदान पर पहुंचा
क्या है खबर?
अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) के साथ हुए विवाद के चलते चर्चाओं में आई एंथ्रोपिक के चैटबॉट क्लाउड को फायदा हुआ है। एक रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार दोपहर तक क्लाउड ऐपल के अमेरिकी ऐप स्टोर में मुफ्त ऐप्स श्रेणी में दूसरे पायदान पर पहुंच गया।इसमें पहले नंबर पर OpenAI का ChatGPT और दूसरे पर गूगल जेमिनी है। बता दें कि इससे एक दिन पहले अमेरिकी प्रशासन द्वारा संघीय एजेंसियों को इसके उत्पादों का उपयोग नहीं करने का आदेश दिया था।
स्थिति
पिछले कुछ दिनों में सुधरा प्रदर्शन
सेंसरटावर के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी के अंत में क्लाउड शीर्ष-100 से ठीक बाहर था और फरवरी के अधिकांश समय में शीर्ष-20 में बना रहा। पिछले कुछ दिनों में इसकी रैंकिंग में सुधार हुआ है और बुधवार को छठे स्थान से गुरुवार को चौथे और शनिवार को दूसरे स्थान पर पहुंच गया। आंकड़ों से पता चलता है कि हाल ही में क्लाउड की रैंकिंग में तेजी से वृद्धि हुई है, जबकि ChatGPT ने फरवरी में शीर्ष स्थान बनाए रखा।
विवाद
क्या है पेंटागन के साथ विवाद?
एंथ्रोपिक ने रक्षा विभाग को अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का इस्तेमाल घरेलू निगरानी या ऑटोनॉमस हथियारों के लिए करने से सुरक्षा का हवाला देते हुए मना करने पर विवाद खड़ा हो गया। इससे नाराज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघीय एजेंसियों को इसके सभी उत्पादों का उपयोग बंद करने का निर्देश दिया और रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने कंपनी को सप्लाई चेन के लिए रिस्क घोषित कर दिया। इसी के चलते उसका क्लाउड चैटबॉट सुर्खियों में आ गया।