नागपुर में बारूद कंपनी में धमाका, 15 की मौत और 18 गंभीर घायल
क्या है खबर?
महाराष्ट्र के नागपुर जिले में एक बारूद बनाने वाली कंपनी में बड़ा धमाका हुआ है, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। नागपुर ग्रामीण SP हर्ष पोद्दार ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि यह धमाका SBL एनर्जी लिमिटेड कंपनी में हुआ है। यह कंपनी खनन और औद्योगिक कामों के लिए विस्फोटक पदार्थ बनाती है।
धमाका
विस्फोटक बनाते समय हुआ धमाका
पुलिस ने बताया कि यह धमाका कटोल तहसील के राउलगांव स्थित खनन और औद्योगिक कार्यों के लिए विस्फोटक पदार्थ बनाने वाली कंपनी SBL एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह 6 से 7 बजे के बीच घटी। सुबह जब मजदूर काम पर लौटे, तभी विस्फोटक बनाने की प्रक्रिया के दौरान जोरदार धमाका हुआ। धमाके के समय कारखाने में करीब 25 से 30 मजदूर काम कर रहे थे।
पुलिस
बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा
मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने प्रशासन से विस्फोट की जानकारी ली और तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर भी घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। फायर ब्रिगेड ने बताया कि बारूद कारखाने में धमाके की खबर मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुटी हुई है। घायलों में कई की हालत गंभीर है, जिसके चलते मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।