LOADING...
ईरान युद्ध का 14वां दिन: अमेरिकी विमान दुर्घटनाग्रस्त, तेहरान में कई धमाके; जानें आज के घटनाक्रम
तेहरान में 'अल-कुद्स दिवस' के मौके पर प्रदर्शन

ईरान युद्ध का 14वां दिन: अमेरिकी विमान दुर्घटनाग्रस्त, तेहरान में कई धमाके; जानें आज के घटनाक्रम

लेखन आबिद खान
Mar 13, 2026
06:00 pm

क्या है खबर?

अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध का आज 14वां दिन है। ईरान की राजधानी तेहरान में एक रैली के दौरान धमाका हुआ है। ईरानी मीडिया ने बताया कि रैली के इलाके में एक साथ कई धमाके सुने गए। वहीं, इराक में अमेरिका का एक सैन्य ईंधन विमान गिर गया है, जिसमें 4 सैनिक मारे गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान जल्द ही आत्मसमर्पण करने वाला है।

अमेरिकी विमान

अमेरिकी विमान दुर्घटनाग्रस्त, 4 सैनिक मारे गए

पश्चिमी इराक में अमेरिका का एक सैन्य ईंधन भरने वाला विमान बोइंग KC‑135 दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में 4 सैनिक मारे गए हैं, जबकि 2 लापता हैं। दुर्घटना की वजह अभी सामने नहीं आई है, लेकिन बताया जा रहा है कि संभवत: विमान हादसे का शिकार हो गया है। हालांकि, इराक के एक शिया विद्रोही गुट इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने दावा किया है कि उसने इस विमान को मार गिराया है।

तेहरान

तेहरान में रैली में कई धमाके, राष्ट्रपति भी थे मौजूद

ईरान की राजधानी तेहरान में 'अल-कुद्स दिवस' के मौके पर लाखों लोग रैली निकाल रहे थे, इसी दौरान कई धमाकों की आवाज सुनी गई। इस रैली में राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी शामिल हुए। ईरान के सरकारी चैनल प्रेस टीवी ने बताया है कि हमले से निकले छर्रों की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अल-कुद्स दिवस रमजान महीने के आखिरी जुमे को फिलिस्तीनी लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है।

Advertisement

भारत

भारत से जुड़ी अहम घटनाएं भी जानिए

भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से चौथी बार फोन पर बात की। दोनों नेताओं में मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव पर चर्चा हुई। भारतीय शेयर बाजार में लगातार गिरावट जारी है। आज सेंसेक्स 1470 अंक गिरकर 74,564 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 488 अंकों की गिरावट आई। कई राज्यों में LPG सिलेंडर की कमी की खबरें हैं। इस मुद्दें पर लोकसभा में भी हंगामा हुआ।

Advertisement

बयान

ट्रंप बोले- ईरान जल्द आत्मसमर्पण करने वाला है

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने G7 नेताओं के साथ फोन कॉल में दावा किया कि ईरान जल्द आत्मसमर्पण करने वाला है। एक्सियोस के अनुसार, ट्रंप ने दावा किया कि तेहरान में अब कोई भी अधिकारी जीवित नहीं बचा है, जो यह तय कर सके कि लड़ाई जारी रखनी है या नहीं। उन्होंने कहा, "किसी को नहीं पता कि नेता कौन है, इसलिए कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो आत्मसमर्पण की घोषणा कर सके।"

आंकड़े

ईरान में 1,444 लोगों की मौत

ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक ईरान में कम से कम 1,444 लोग मारे गए हैं और 18,551 घायल हुए हैं। वहीं, लेबनान में 687 मारे गए हैं और 1,500 से ज्यादा घायल हुए हैं। इजरायल में 15 मारे गए हैं और 2,000 से ज्यादा घायल हैं। अमेरिका के 11 सैनिक युद्ध में मारे गए हैं। कुवैत और UAE में 6-6, सऊदी अरब और बहरीन में 2-2 और ओमान में एक शख्त की मौत हुई है।

अन्य देश

खाड़ी देशों से जुड़े घटनाक्रम

सऊदी अरब ने कहा कि उसने अपने हवाई क्षेत्र में घुसे 56 ड्रोन को मार गिराया है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ईरान से दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल उसके हवाई क्षेत्र में पहुंची थी, जिसे NATO एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। लेबनान के कंतारा और कब्रिखा में इजरायल ने हमले किए हैं। दुबई में ईरानी ड्रोन हमले में एक इमारत को नुकसान पहुंचा है। ओमान में ड्रोन हमले में 2 लोग मारे गए हैं।

सुप्रीम लीडर

ईरानी सुप्रीम लीडर के गंभीर घायल होने की खबर

ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई के गंभीर घायल होने और यहां तक कि कोमा में चले जाने की खबर है। ब्रिटिश मीडिया द सन ने दावा किया है कि मोजतबा कोमा में हैं और उनका कम से कम एक पैर कट गया है। फिलहाल तेहरान में उनका इलाज चल रहा है। वहीं, ट्रंप ने कहा, "मुझे लगता है कि उन्हें चोट लगी है, लेकिन मुझे लगता है कि वे शायद किसी न किसी रूप में जीवित हैं।"

Advertisement