कोलकाता-मुंबई समेत महानगरों में LPG संकट; होटल-रेस्तरां सबसे ज्यादा प्रभावित, छुट्टी लेकर लाइन में लगे लोग
क्या है खबर?
ईरान युद्ध के चलते देश में रसोई गैस का संकट बढ़ता जा रहा है। खासतौर पर वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कमी सामने आ रही है। होटल और रेस्तरां इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। दिल्ली, मुंबई समेत कई बड़े शहरों में रेस्तरां ने अपना मेन्यू छोटा कर दिया है। दिल्ली के कई कैंटीन केवल चाय ही बेच रहे हैं। वहीं, मुंबई में लोग कार्यालय से छुट्टी लेकर सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे देखे गए।
दिल्ली
दिल्ली: JNU-DU के कैंटीनों ने मेन्यू में से चीजें हटाईं
हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की एक कैंटीन ने मेन्यू में कटौती की है। भाषा संकाय में कैंटीन चलाने वाले विजय मुखिया ने कहा कि वह सोमवार से नाश्ता बंद कर केवल चाय ही परोसेंगे। दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की कैंटीन ने भी अपने मशहूर मटन डोसा को मेन्यू से हटा दिया है। कैंटीन के मालिक सौविक गुप्ता ने कहा, "अगर स्थिति ऐसी ही बनी रही, तो हमें कई और चीजें हटानी पड़ सकती हैं।"
मुंबई
मुंबई में एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें
मुंबई में उन घरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जहां एक ही सिलेंडर आता है। यहां कई लोग सिलेंडर लेने के लिए ऑफिस से छुट्टी लेकर लाइनों में खड़े हैं। कांदिवली से लेकर धारावी और भांडुप तक गैस एजेंसियों के सामने लोगों की लंबी-लंबी कतारें देखी गई हैं। मालवानी की एक झुग्गी बस्ती में रहने वाले हुमाले यादव ने बताया कि एक महीने पहले सिलेंडर बुक कराया था, इसके बावजूद एक घंटे इंतजार के बाद सिलेंडर मिला।
पुणे
पुणे में कई मेस बंद होने की कगार पर
पुणे में कई मेस संचालकों ने या तो खाने की कीमत बढ़ा दी है या मैस को अस्थायी रूप से बंद करने पर विचार कर रहे हैं। मराठवाड़ा के छात्र सारंग दुकारे ने कहा, "हममें से ज्यादातर लोग खाने के लिए किफायती मेस पर निर्भर हैं। अब हम आस-पास की गलियों में छोटे घरेलू मेस ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं। अब हम दोनों एक ही टिफिन साझा करते हैं क्योंकि हम बढ़ती कीमतों को वहन नहीं कर सकते।"
बेंगलुरु
बेंगलुरु में LPG की कीमत बढ़ने से रिक्शा चालक परेशान
बेंगलुरु में LPG का इस्तेमाल करने वाले ऑटो-रिक्शा चालकों ने बताया कि कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां 2 दिन में LPG की कीमत 10 रुपये प्रति लीटर बढ़ गई हैं। पेट्रोल पंप ने आपूर्ति में व्यवधान के चलते LPG की बिक्री सीमित कर दी है। बेंगलुरु में इंदिरा कैंटीनों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है, जहां 5 रुपये में नाश्ता और 10 रुपये में खाना मिलता है।
कोलकाता
कोलकाता: होटलों में चूल्हे पर बन रहा खाना
समाचार एजेंसी PTI ने बताया कि पूरे कोलकाता के रेस्तरां LPG सिलेंडरों की गंभीर कमी से जूझ रहे हैं, जिसके कारण कई ने मेन्यू में कटौती की, कीमतें बढ़ाईं और कुछ तो अस्थायी रूप से बंद करने पर भी विचार कर रहे हैं। संकट से निपटने के लिए कई होटलों ने लकड़ी के चूल्हे का उपयोग करना शुरू कर दिया है। वहीं, अजमेर में लकड़ी की दैनिक खपत लगभग 100 किलोग्राम से बढ़कर 200-250 किलोग्राम हो गई है।