Page Loader
जानवरों की तरह नजर आते हैं इन 5 पौधों के फूल, देखकर चौंक जाएंगे आप
जानवरों की तरह लगते हैं इन पौधों के फूल

जानवरों की तरह नजर आते हैं इन 5 पौधों के फूल, देखकर चौंक जाएंगे आप

लेखन अंजली
Dec 29, 2023
06:39 pm

क्या है खबर?

प्रकृति जीव-जंतुओं और वनस्पतियों की प्रजातियों से भरपूर है, जिनमें से प्रत्येक की विशिष्टताएं और पहलू उन्हें अनोखा बनाते हैं। माना जाता है कि दुनियाभर में पौधों की 4 लाख से अधिक प्रजातियां हैं, जिनमें से कुछ पौधों के फूल तो एकदम जानवरों की तरह दिखते हैं। आइए आज हम आपको 5 ऐसे विदेशी पौधों के बारे में विस्तार से बताते हैं, जिनके फूलों का आकार जानवरों की तरह दिखता है।

#1

ड्रैकुला सीमिया

ड्रैकुला सीमिया के पौधे के फूलों को मंकी फेस ऑर्किड कहा जाता है। यह आमतौर पर पेरु और इक्वाडोर देशों में पाया जाता है। ये फूल अलग-अलग तरह के बंदरों जैसे दिखते हैं और आप इस फूल की आंखें, बोहें, नाक और दाढ़ी आदि सब देख सकते हैं। इनकी सुगंध पके संतरे जैसी होती है और यह कोई सामान्य मौसमी फूल नहीं है क्योंकि यह अपने प्राकृतिक आवास में किसी भी समय खिल सकता है।

#2

ओफ्रिस एपिफेरा 

यूरोप और पश्चिमी एशिया में पाया जाने वाला ओफ्रिस एपिफेरा एक बारहमासी जड़ी-बूटी वाला पौधा है, जो आमतौर पर लगभग एक फुट लंबा होता है और इसके फूलों को बी ऑर्किड के नाम से जाना जाता है। इसका कारण है कि यह फूल मधुमक्खी की तरह दिखते हैं। इन फूलों का रंग एकदम मधुमक्खी जैसा होता है और इन पर सफेद या पीली रेखाएं भी होती हैं। इन्हें देखने के बाद कोई भी चौंक सकता है।

#3

इंपेतिन्स सिटासिना

थाईलैंड, बर्मा और भारत जैसे एशियाई देशों में पाए जाने वाले इंपेतिन्स सिटासिना नामक पौधे के फूल तोते की तरह दिखते हैं, इसलिए इन्हें पैरट फ्लावर बोला जाता है। ये फूल 50 सेंटीमीटर तक बढ़ते हैं और इनकी 3 पंखुड़ियां समेत 3 बाह्यदल (फूल का बाहरी हिस्सा) होते हैं। ये फूल हल्के बैंगनी और लाल रंग के होते हैं, जो कई बार दिखने में उड़ते तोते जैसे भी लगते हैं।

#4

कैलियाना मेजर

इस पौधे के फूलों को फ्लाइंग डक ऑर्किड कहा जाता है क्योंकि यह देखने में ऐसा लगता है जैसे बत्तख का छोटा बच्चा उड़ने की कोशिश कर रहा हो। हालांकि, इस फूल को देखने के लिए आपको ऑस्ट्रेलिया जाना होगा क्योंकि ये ऑस्ट्रेलिया के घने जंगलों में ही पाया जाता है। इसका कारण है कि इस फूल को उगाने के लिए एक खास तरह की फंगस की आवश्यकता होती है और वो सिर्फ ऑस्ट्रेलियन जंगलों में ही पाई जाती है।

#5

क्रिस्टिया वेस्परटिलियोनिस

इस पौधे के फूलों को बटरफ्लाई विंग के नाम जाता है। उड़ती हुई तितलियों के झुंड की तरह दिखने वाला बटरफ्लाई विंग दक्षिण पूर्व एशिया का एक दुर्लभ उष्णकटिबंधीय फूल है और लगभग 60 से 120 सेंटीमीटर तक लंबा हो सकता है। इसकी दुर्लभता के बावजूद ऐसा कहा जाता है कि इस फूल को आसानी से उगाया जा सकता है, लेकिन इसक ताजा बीज मिलना मुश्किल हो सकता है।