Page Loader
टोक्यो पैरालंपिक: कांस्य जीतकर तीरंदाजी में पैरालंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने हरविंदर
हरविंदर सिंह ने जीता कांस्य पदक

टोक्यो पैरालंपिक: कांस्य जीतकर तीरंदाजी में पैरालंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने हरविंदर

लेखन Neeraj Pandey
Sep 03, 2021
07:58 pm

क्या है खबर?

भारतीय पैरा तीरंदाज हरविंदर सिंह ने शुक्रवार को इतिहास रच दिया। हरविंदर तीरंदाजी में पैरालंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। सेमीफाइनल में हार झेलने वाले हरविंदर ने कांस्य पदक वाले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और भारत को टोक्यो पैरालंपिक का 13वां पदक दिलाया। हरविंदर ने साउथ कोरिया के किम मिन सू को हराकर पदक जीता है। आज के दिन यह भारत का तीसरा पदक है।

मुकाबला

शूट-ऑफ के जरिए हरविंदर ने जीता कांस्य

विश्व के 23वीं वरीयता प्राप्त हरविंदर ने शूट-ऑफ के जरिए कांस्य पदक अपने नाम किया। मुकाबले में वह 5-3 से आगे चल रहे थे, लेकिन कोरिया के तीरंदाज ने शानदार वापसी करेत हुए परफेक्ट 10 लगाया और मुकाबले को शूट-ऑफ में ले गए। शूट-ऑफ में हरविंदर ने शानदार प्रदर्शन किया और 10-8 के स्कोर से मुकाबला और कांस्य पदक अपने नाम किया। कांस्य पदक का मुकाबला काफी करीबी रहा।

जानकारी

हरविंदर के नाम है ये उपलब्धि

बड़े पैरा प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले हरविंदर पहले भारतीय एथलीट हैं। 31 साल के हरविंदर ने 2018 में हुए एशियन गेम्स में स्वर्ण जीतकर यह कारनामा किया था।

अवनि लेखारा

पैरालंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी अवनि

भारतीय पैरा निशानेबाज अवनि लेखारा ने शुक्रवार को महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है। वह 445.9 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। 19 वर्षीया अवनि का यह टोक्यो खेलों में दूसरा पदक है। इससे पहले वह 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक जीत चुकी है। अवनि पैरालंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं

प्रवीण कुमार

आज सुबह प्रवीण ने जीता था रजत

आज सुबह सबसे पहले भारत के प्रवीण कुमार ने टोक्यो पैरालंपिक में पुरुषों की ऊंची कूद T64 स्पर्धा में रजत पदक जीता था। 18 वर्षीय प्रवीण पैरालंपिक में पदक जीतने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। इसके साथ ही टोक्यो पैरालंपिक में ऊंची कूद में भारत के लिए यह चौथा पदक है। प्रवीण से पहले निषाद कुमार, मरियप्पन थंगावेलु और शरद कुमार, ऊंची कूद स्पर्धा में पदक जीत चुके हैं।