Page Loader
टोक्यो पैरालंपिक: अवनि लेखारा ने स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास, योगेश ने जीता रजत

टोक्यो पैरालंपिक: अवनि लेखारा ने स्वर्ण जीतकर रचा इतिहास, योगेश ने जीता रजत

Aug 30, 2021
08:49 am

क्या है खबर?

टोक्यो में खेले जा रहे पैरालंपिक खेलों से भारत के शानदार खबर आई है। अवनि लेखारा ने सोमवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में निशानेबाजी में भारत का पहला पदक जीता है। लेखारा ने फाइनल में 249.6 के कुल स्कोर के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए स्वर्ण पर निशाना साधा है। टोक्यो पैरालंपिक खेलों में यह भारत का अब तक का चौथा पदक है।

उपलब्धि

पैरालंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी लेखारा

इस स्पर्धा का रजत चीन की कुइपिंग झांग ने 248.9 अंको के साथ हासिल किया। वहीं यूक्रेन की इरिना शचेतनिक ने कांस्य पदक जीता। 19 वर्षीय लेखारा पैरालंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला बनी हैं। बता दें उन्होंने क्वालीफिकेशन राउंड में 621.7 के कुल स्कोर के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था।

बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अवनि को बधाई दी है और इसे भारतीय खेलों का विशेष पल बताया है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, 'आपके मेहनती स्वभाव और शूटिंग के प्रति जुनून के कारण यह संभव हो सका है। आपको स्वर्ण पदक जीतने के लिए बधाई। यह वास्तव में भारतीय खेलों के लिए एक विशेष क्षण है। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'

ट्विटर पोस्ट

प्रधानमंत्री का ट्वीट

योगेश कथुनिया

योगेश कथुनिया ने डिस्कस थ्रो में जीता रजत

भारत के योगेश कथुनिया ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो (F56) स्पर्धा में 44.38 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास दर्ज करके रजत पदक जीता। उनका छठा प्रयास निर्णायक साबित हुआ। कथुनिया से बेहतर प्रदर्शन सिर्फ ब्राजील के विश्व रिकॉर्ड धारक बतिस्ता डॉस ने किया। बतिस्ता डॉस ने फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने के लिए 45.59 मीटर का थ्रो दर्ज किया। भारत का यह पांचवां पदक है।

पदक

कल भारत ने जीते थे तीन पदक

महिला पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल ने भारत के लिए टोक्यो पैरालंपिक में पदकों का खाता खोला था। वहीं निषाद कुमार ने कल भारत को एथलेटिक्स में पहला और टोक्यो खेलों में दूसरा पदक दिलाया था। निषाद ने ऊंची कूद में अपने बेस्ट रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए रजत पदक जीता था। इनके अलावा पैरा डिस्कस थ्रोवर विनोद कुमार ने कल कांस्य पदक जीता था। उन्होंने अपने पांचवे प्रयास में 19.81 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया था।