आप भी बन सकते हैं OTP स्कैम का शिकार, जानें कैसे रहें सुरक्षित
क्या है खबर?
इंटरनेट और स्मार्टफोन के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध के मामलों में भी तेजी आई है।
जालसाज लोगों से ठगी करने के लिए विभिन्न तरीके अपना रहे हैं, जिनमें वन टाइम पासवर्ड (OTP) के माध्यम से ठगी प्रमुख है। देश के विभिन्न हिस्सों से ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जहां जालसाजों ने OTP का उपयोग करके लोगों को ठगा है।
आइए जानते हैं जालसाज ठगी करते कैसे हैं और आप किस तरह इससे सुरक्षित रह सकते हैं।
स्कैम
OTP स्कैम क्या है?
OTP स्कैम में साइबर जालसाज पीड़ितों को भ्रमित करके उनसे OTP चुरा लेते हैं और फिर उन्हें वित्तीय नुकसान पहुंचाते हैं।
ये जालसाज अक्सर बैंकों, ई-कॉमर्स कंपनियों या सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि बनकर संपर्क करते हैं, ताकि पीड़ित अपनी संवेदनशील जानकारी, जैसे बैंक अकाउंट या डिजिटल वॉलेट के बारे में बता दें।
जब जालसाज OTP प्राप्त कर लेते हैं, तो वे पीड़ित की जानकारी का गलत इस्तेमाल करके उन्हें भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाते हैं।
बचाव
OTP स्कैम से कैसे बचें?
OTP स्कैम से बचने के लिए अनजान नंबर से आए कॉल पर दिए गए निर्देशों का पालन न करें। बैंक या ई-कॉमर्स कंपनियों से संपर्क करने के लिए हमेशा उनकी आधिकारिक वेबसाइट या फोन नंबर का इस्तेमाल करें।
किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ कॉल या मैसेज में व्यक्तिगत और वित्तीय जानकारी साझा न करें। कभी भी OTP दूसरों को न बताएं, क्योंकि यह आपकी सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।
सतर्क रहकर आप धोखाधड़ी से बच सकते हैं।