Page Loader
12 साल का हुआ व्हाट्सऐप, रोजाना होती हैं एक अरब से ज्यादा कॉल्स

12 साल का हुआ व्हाट्सऐप, रोजाना होती हैं एक अरब से ज्यादा कॉल्स

Feb 25, 2021
03:23 pm

क्या है खबर?

इंस्टैंट मेसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने लॉन्च होने के बाद 12 साल का वक्त पूरा कर लिया है। गुरुवार को फेसबुक की ओनरशिप वाली कंपनी ने बताया कि ऐप से रोज एक अरब से ज्यादा कॉल्स की जाती हैं। साल 2009 में लॉन्च हुए व्हाट्सऐप को पहले स्टेटस शेयरिंग के लिए डिजाइन किया गया था और अब यह सबसे लोकप्रिय मेसेजिंग सॉल्यूशन बन चुका है। ऐप के मंथली ऐक्टिव यूजर्स भी दो अरब से ज्यादा हो चुके हैं।

ट्वीट

माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर दी जानकारी

व्हाट्सऐप ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर बताया कि उसे लॉन्च हुए 12 साल पूरे हो चुके हैं। ट्वीट में कंपनी ने बताया कि ऐप के दो अरब से ज्यादा मंथली ऐक्टिव यूजर्स करीब 100 अरब से ज्यादा मेसेजेस एकदूसरे को भेजते हैं। इसके अलावा व्हाट्सऐप की मदद से रोज करीब एक अरब से ज्यादा यूजर्स कॉलिंग करते हैं। व्हाट्सऐप पर वॉइस कॉलिंग सपोर्ट फरवरी, 2015 में मिला था और नवंबर, 2016 में वीडियो कॉलिंग का विकल्प यूजर्स को दिया गया।

फीचर्स

मेसेजिंग प्लेटफॉर्म में किए गए कई बदलाव

साल 2009 में व्हाट्सऐप में यूजर्स को सिर्फ टेक्स्ट मेसेजिंग का विकल्प दिया गया था और बाद में इसमें मल्टीमीडिया फाइल्स का सपोर्ट भी शामिल किया गया। अब ऐप पर बड़ी फाइल्स शेयर करने के अलावा यूजर्स स्टिकर्स भी भेज सकते हैं। हाल ही में व्हाट्सऐप ने ऐप में नया पेमेंट फीचर भी शामिल किया है, जिसकी मदद से यूजर्स चैटिंग करते हुए आसानी से अपने कॉन्टैक्ट्स के साथ पैसों का लेनदेन कर सकते हैं।

प्राइवेसी

नई प्राइवेसी पॉलिसी को लेकर नाराजगी

साल 2021 में व्हाट्सऐप नई प्राइवेसी पॉलिसी लेकर आया है, जिसे लेकर यूजर्स नाराज चल रहे हैं। इस पॉलिसी में कहा गया है कि व्हाट्सऐप अपनी पैरेंट कंपनी फेसबुक के साथ यूजर्स का डाटा शेयर करेगा। यूजर्स डाटा को लेकर फेसबुक का इतिहास अच्छा नहीं रहा है, जिसके चलते यूजर्स व्हाट्सऐप का इस्तेमाल बंद कर टेलीग्राम और सिग्नल जैसी ऐप्स डाउनलोड कर रहे हैं। व्हाट्सऐप की नई प्राइवेसी पॉलिसी 15 मई, 2021 से लागू होने वाली है।

डील

साल 2014 में फेसबुक ने खरीदा व्हाट्सऐप

पूर्व-याहू कर्मचारियों ब्रायन ऐक्टन और जैन कोअम ने साल 2009 में व्हाट्सऐप सेवा लॉन्च की थी। फरवरी, 2014 में सोशल मीडिया कंपनी फेसबुक ने व्हाट्सऐप को 19 बिलियन डॉलर में खरीद लिया और इसमें कई बदलाव किए गए। व्हाट्सऐप में यूजर्स को ऐड नहीं दिखाए जाते, लेकिन कमाई के तरीके बढ़ाने के लिए फेसबुक ऐसा करने वाली है। इसके अलावा फेसबुक यूजर्स डाटा की मदद से अपनी दूसरी सेवाओं में यूजर्स को पर्सनलाइज्ड ऐड दिखाना चाहती है।

सफाई

व्हाट्सऐप दोहरा रहा है प्राइवेसी का वादा

नई प्राइवेसी पॉलिसी पर सवाल उठने के बाद व्हाट्सऐप अपने यूजर्स को भरोसा दिला रही है कि उनके चैट्स और व्हाट्सऐप कॉल्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। पहले नई व्हाट्सऐप पॉलिसी 9 फरवरी, 2021 से लागू होने वाली थी लेकिन इसे 15 मई तक के लिए टाल दिया गया है। व्हाट्सऐप का कहना है कि यूजर्स को ऐप में एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन मिलता है, यानी कि कोई थर्ड पार्टी और व्हाट्सऐप खुद भी उनके मेसेज नहीं पढ़ सकती या कॉल्स नहीं सुनती।