Page Loader
माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: विंडोज में BSOD की समस्या क्या है और इसे कैसे करें ठीक?
माइक्रोसॉफ्ट विंडोज आउटेज के कारण लोगों को समस्या हो रही

माइक्रोसॉफ्ट आउटेज: विंडोज में BSOD की समस्या क्या है और इसे कैसे करें ठीक?

Jul 19, 2024
05:02 pm

क्या है खबर?

माइक्रोसॉफ्ट विंडोज आउटेज के कारण दुनियाभर में विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम का उपयोग करने वाले लोगों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस ग्लोबल आउटेज के कारण लोगों के कंप्यूटर की स्क्रीन ब्लू स्क्रीन एरर दिखा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह गड़बड़ी संभवतः क्राउडस्ट्राइक द्वारा जारी किए गए अपडेट के कारण हुई है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर माइक्रोसॉफ्ट ने समस्या की वजह की जानकारी नहीं दी है।

समस्या

क्राउडस्ट्राइक की समस्या क्या है?

क्राउडस्ट्राइक एक साइबर सुरक्षा फर्म है, जो उन्नत सुरक्षा प्रदान करने के लिए विंडोज के साथ जुड़ी हुई है। यह कंपनी वास्तविक समय में साइबर खतरों का पता लगाने और उन्हें रोकने के लिए क्लाउड-आधारित AI और मशीन लर्निंग का उपयोग करती है। रिपोर्ट्स हैं कि आज क्राउडस्ट्राइक द्वारा जारी किए गए एक अपडेट के कारण ही विंडोज सिस्टम पर BSOD की समस्या उत्पन्न हुई है। क्राउडस्ट्राइक इस समस्या को हल करने के लिए काम कर रही है।

तरीका

क्राउडस्ट्राइक BSOD को कैसे ठीक करें?

यह समस्या क्राउडस्ट्राइक फाल्कन सॉफ्टवेयर के अपडेट के कारण हुई है, इसलिए जल्द ही कोई दूसरा अपडेट इसे ठीक कर देगा। हालांकि, अभी आप एक आसान प्रक्रिया को पूरा करके इस समस्या का समाधान कर सकते हैं। इसे ठीक करने के लिए अपने विंडो को सेफ या रिकवरी मोड में बूट करें। इसके बाद C:\Windows\System32\drivers\CrowdStrike पर जाएं। अब C-00000291*.sys" से मेल खाने वाली फाइल को ढूंढें और उसे डिलीट कर दें। अंत में विंडोज सामान्य रूप से बूट करें।