क्या होती है ओरिगामी? जानिए कागज की इस कला का इतिहास और अन्य जरूरी बातें
क्या है खबर?
हम सभी ने बचपन के दिनों में कागज से फूल, जानवर और हवाई जहाज आदि बनाना सीखा था। यह कला क्राफ्ट की कक्षा में सिखाई जाती थी और इसे करने में बड़ा मजा आता था।
हालांकि, क्या आपने कभी सोचा कि कागज से सामान बनाने की इस कला को असल में क्या कहा जाता है? यह एक जापानी कला है, जिसका नाम ओरिगामी होता है।
आज के लेख में हम आपको इसका मतलब, इतिहास और अन्य बातें बताएंगे।
मतलब
क्या होती है ओरिगामी कला?
ओरिगामी एक जापानी शब्द है, जो ओरी और गामी को जोड़कर बनाया गया है। इसमें ओरी का मतलब 'मोड़ना' और गामी का मतलब 'कागज' होता है।
इसमें कागज को मोड़कर अलग-अलग आकार और कलात्मक चीजें बनाना शामिल होता है। वैसे तो यह कला जापान की बताई जाती है, लेकिन इसकी उत्पत्ति चीन से हुई थी।
इस कला के जरिए 2D और 3D, दोनों तरह की कलाकृतियां बनाई जा सकती हैं।
इतिहास
कैसे हुई थी इस अनोखी कला की शुरुआत?
ओरिगामी का इतिहास 6ठी शताब्दी से शुरू हुआ था। वैसे तो ओरिगामी शब्द जापानी भाषा से आया है, लेकिन माना जाता है कि इस कला की मूल उत्पत्ति चीन में हुई थी।
चीन में इस कला को दूसरी शताब्दी से शुरू किया गया था, जब कागज का आविष्कार हुआ था।
जापान में आने के बाद इस कला को घर की सजावट का सामान बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने लगा।
प्रकार
क्या हैं ओरिगामी कला के विभिन्न प्रकार?
जापान के बाद धीरे-धीरे यह कला पूरी दुनिया में मशहूर हो गई। आपको बता दें कि ओरिगामी के कई प्रकार होते हैं, जो विशेष तरह की चीजें बनाने के लिए इसतमाल किए जाते हैं।
इनमें मॉडुलर, पारंपरिक, किरीगामी, वेट फोल्डिंग और एक कागज वाली ओरिगामी आदि शामिल होते हैं।
आप इस कला के जरिए नाव, फूल, जानवर, जटिल डिजाइन या एक्शन फिगर भी बना सकते हैं।
जानिए जापान की मशहूर कैलीग्राफी कला क्या होती है।
कलाकार
यह हैं दुनिया के सबसे मशहूर ओरिगामी कलाकार
दुनिया के सबसे प्रसिद्ध ओरिगेमी कलाकारों में से एक हैं अकीरा योशिजावा। जब वह 13 साल के थे तब वह एक फैक्ट्री में काम करते थे।
इसी दौरान उन्होंने ओरिगामी की कला खुद से ही सीखी थी। 37 की आयु में उन्होंने अपनी नौकरी छोड़ दी थी और अपना सारा समय ओरिगामी कला को समर्पित कर दिया था।
1915 में उनकी कला को पत्रिका में प्रकाशित किया गया, जिसके बाद ओरिगामी को विश्व स्तर पर पहचान मिली।