Page Loader
गर्मियों में जरूर करें इन फलों का सेवन, अच्छी सेहत के साथ मिलेगी ठंडक

गर्मियों में जरूर करें इन फलों का सेवन, अच्छी सेहत के साथ मिलेगी ठंडक

लेखन अंजली
May 28, 2020
08:05 pm

क्या है खबर?

दिन प्रति दिन गर्मी का तापमान बढ़ता ही जा रहा है। जिससे लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में गर्मियों में आने वाले फलों का सेवन आपको इस मौसम की मार से आसानी से बचा सकता है। गर्मियों में आने वाले फल स्वाद ही प्रदान नहीं करते बल्कि सेहत के लिए भी लाजवाब होते हैं। इसलिए आज हम बात करेंगे गर्मी में शरीर को ठंडा और स्वस्थ रखने वाले फलों के बारे में। आइए जानें।

#1

खरबूजा

गर्मी अपने साथ सिर्फ परेशानियां ही नहीं बल्कि कुछ ऐसे मौसमी फलों को भी लाती है जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए लाभकारी भी होते हैं। इन्हीं फलों में से एक है खरबूजा। गर्मियों में इसका सेवन आपके लिए लाभदायक होता है क्योंकि इसमें पौष्टिक तत्व सहित पानी की अच्छी मात्रा शामिल होती है। साथ ही यह गर्मी में अधिक प्यास लगने की समस्या को दूर करता है और शरीर को हाइड्रेट बनाए रखने में मदद करता है।

#2

आम

भले ही गर्मी के मौसम में लोगो को कई मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता हो, फिर भी सभी को इस मौसम का इंतजार रहता है। इसका मुख्य कारण है इस मौसम में आने वाला फलों का रसीला राजा आम। शायद ही कोई ऐसा होगा, जिसे गर्मियों में आम खाना पसंद नहीं होगा। आम फलों का राजा होने के अलावा कई पोषक गुणों से भी समृद्ध है जिसके सेवन से स्वास्थ्यवर्धक लाभ और शारीरिक ठंडक प्राप्त होती है।

#3

तरबूज

शायद ही गर्मी के मौसम में तरबूज के सेवन से अच्छा विकल्प हो। इस मौसमी फल की सबसे बड़ी खासियत यही है कि इसका सेवन न सिर्फ प्यास बुझाता है बल्कि शरीर को हाइड्रेट रखने और पेट को ठंडा रखने में मददगार है। इतना ही नहीं इसमें कई तरह के पोषक गुण शामिल हैं जो विभिन्न तरह की शारीरिक समस्याओं से राहत देने में सक्षम हैं। इसी के साथ यह भूख को भी शांत करने में सहायता करता है।

#4

लीची

लीची एक ऐसा स्वास्थ्यवर्धक फल है जो आपको गर्मी के मौसम में आसानी से मिल सकती है। यह खाने में जितनी मीठी और स्वादिष्ट होती है, उतना ही सेहत से भरपूर भी। इसमें कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो शारीरिक समस्याओं के साथ-साथ त्वचा के लिए भी लाभकारी है। इतना ही नहीं इसका सेवन शरीर में पानी के अनुपात को संतुलित रखता है जिससे शरीर और पेट को ठंडक मिलती है।