स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है अखरोट का अधिक सेवन, हो सकती हैं कई समस्याएं
क्या है खबर?
अखरोट विटामिन्स, मिनरल, एंटी-ऑक्सीडेंट्स और अनसैचुरेटेड फैट का बेहतरीन स्रोत हैं, जिस वजह से इसको स्वस्थ आहार की श्रेणी में शामिल किया जाता है।
हो सकता है कि इसी वजह से आपकी डाइट में भी अखरोट शामिल हो, लेकिन अगर आप इसका अधिक सेवन करते हैं तो यह आपके शरीर को कई तरह की समस्याओं से घेर सकता है।
आइए जानते हैं कि अखरोट के अधिक सेवन से आपको किन-किन समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
#1
बढ़ सकता है वजन
रोजाना अखरोट का अधिक सेवन बढ़ते वजन का कारण बन सकता है और इसकी मुख्य वजह इसमें मौजूद कैलोरी है।
इस समस्या को सामान्य न समझें क्योंकि यह शरीर को कई अन्य बीमारियों का घर बना सकती है। इसलिए रोजाना सीमित मात्रा में ही अखरोट का सेवन करें।
वैसे कभी-कभी कुछ शारीरिक समस्याओं के कारण भी लोगों का वजन बढ़ने लगता है, इसलिए बढ़ते वजन की समस्या की असल वजह जानने के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।
#2
हो सकती हैं पेट और सीने से संबंधित समस्याएं
अखरोट की तासीर गर्म होती है, इसलिए इसके अधिक सेवन से आपको गैस, पेट दर्द और पेट में जलन जैसी कई तरह की समस्याओं से जूझना पड़ सकता है।
वहीं, इसमें मौजूद उच्च फाइबर के कारण आपको डायरिया की समस्या का भी सामना करना पड़ सकता है।
यहीं नहीं, अखरोट के अधिक सेवन से सीने में जलन भी हो सकती है। इसलिए यह जरूरी है कि आप अखरोट का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।
#3
गर्भावस्था में पहुंचा सकता है नुकसान
गर्भावस्था के दौरान महिलाओं के लिए भी अखरोट का अधिक सेवन नुकसानदायक है।
इसका मुख्य कारण है कि अखरोट में कैलोरी और उच्च फाइबर मौजूद होता है, जिनकी अधिक मात्रा से गर्भवती महिला और होने वाले शिशु के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।
इसलिए, अगर कोई महिला गर्भवती है तो वह अखरोट का सेवन न करें या फिर बेहद कम मात्रा में करें। यही नहीं, स्तनपान कराने वाली महिलाओं को भी अखरोट का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
#4
सांस से जुड़ी दिक्कतें होने की संभावना
अखरोट का अधिक सेवन सांस संबंधी दिक्कतों को बढ़ाने का भी कारण बन सकता है। दरअसल, अखरोट की तासीर गर्म होती है और इसके अधिक सेवन से ऑक्सीजन के प्रवाह पर नकारात्मक असर पड़ता है, जिसके कारण आपको सांस लेने में दिक्कत या फिर सांस फूलने की समस्या हो सकती है।
इसलिए अगर आप पहले से ही अस्थमा या किसी अन्य सांस की बीमारी से ग्रस्त हैं तो डॉक्टर की सलाह के बाद ही अखरोट का सेवन करें।