Page Loader
हाथी से जुड़े ऐसे रोचक तथ्य जिनके बारे में आप शायद ही जानते होंगे

हाथी से जुड़े ऐसे रोचक तथ्य जिनके बारे में आप शायद ही जानते होंगे

लेखन अंजली
Aug 18, 2020
09:00 pm

क्या है खबर?

हाथी एक ऐसा जानवर है जिसे मनुष्यों के बेहद करीब और एक वफादार जानवर माना जाता है। इंसान और हाथी की दोस्ती पर 'हाथी मेरा साथी', 'सफेद हाथी', 'दोस्त' और 'जंगली' जैसी कई बॉलीवुड फिल्में भी बनी चुकी हैं और हाथी मनुष्यों की तरह ही अपनी भावनाएं प्रदर्शित करता है। आइए आपको हाथी से जुड़े कई ऐसे रोचक तथ्य बताते हैं जिनके बारे में आपको शायद ही पता हो।

#1

हाथी के दिनभर कान हिलाने का कारण

अगर आपने हाथी देखा है तो अवश्य यह जरूर नोटिस किया होगा कि वह दिनभर अपने दोनों कानों को हिलाता रहता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि हाथी ऐसा क्यों करते हैं। दरअसल, हाथी अपने विशालकाय शरीर की गर्मी को कानों के जरिये बाहर निकालते हैं। यह काम हाथी के कानों की कोशिकाएं करती हैं। अधिक बड़े कान वाले हाथी मुख्य तौर पर अफ्रीका में पाए जाते हैं क्योंकि वहां गर्मी ज्यादा पड़ती है।

#2

हाथी की आंखों की रोशनी होती है कम

हाथी की आंखों की रोशनी बहुत कम होती है, लेकिन खास बात यह है कि तेज रोशनी में उन्हें कम दिखाई देता है और कम रोशनी में ज्यादा। इसके अलावा हाथी की आंखों की पुतलियां बहुत जल्दी सूख जाती हैं। पुतलियों को आसानी से हिलाने के लिए हाथी की आंखों में एक तरल पदार्थ की सप्लाई होती रहती है जो ज्यादा होने पर आंखों से बाहर निकल आता है और हम इसे आंसू समझ बैठते हैं।

#3

बेहद चुस्त होता है हाथी

हाथी के वजन की बात करें तो वह 5,000 से अधिक किलोग्राम तक का होता है। सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि इतने वजन के बावजूद भी हाथी आमतौर पर छह किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलते हैं। हाथी दिनभर में करीब 10 से 20 किलोमीटर चलते हैं और सिर्फ तीन से चार घंटे सोते हैं, वो भी लेटकर नहीं बल्कि खड़े होकर।

#4

चींटी, मच्छर और मक्खी से डर जाता है हाथी

यह सुनने में भले ही आपको अजीब लगे, लेकिन हाथी चींटी और मक्खियों से डरता है और इसी कारण वह अपनी सूंड फूंक-फूंक कर आगे कदम बढ़ाता है। हाथी की चमड़ी लगभग एक इंच तक मोटी होती है लेकिन त्वचा बहुत संवेदनशील होती है और अगर हाथी को चींटी, मच्छर या मक्खी काट ले तो इससे उसकी त्वचा पर गहरा घाव हो जाते हैं।