Page Loader
करीना कपूर फिट रहने के लिए करती हैं ये योगासन, जानिए इससे जुड़ी अहम बातें

करीना कपूर फिट रहने के लिए करती हैं ये योगासन, जानिए इससे जुड़ी अहम बातें

लेखन सयाली
Jun 24, 2025
07:06 pm

क्या है खबर?

जब बात सुंदरता की आती है तो बॉलीवुड की 'बेबो' यानी करीना कपूर का नाम जरूर लिया जाता है। यह अभिनेत्री लाखों लोगों के दिलों पर राज करती हैं। उनके अभिनय के साथ-साथ उनकी खूबसूरती के भी खूब चर्चे होते हैं। करीना अब 44 साल की हो गई हैं, लेकिन उनकी फिटनेस देखकर उनकी उम्र का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। अब सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है कि वह फिट रहने के लिए कौन-सा योगासन करती हैं।

इंस्टाग्राम

योग प्रशिक्षक ने पोस्ट किया करीना का वीडियो

करीना की योग प्रशिक्षक अंशुका परवानी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें अभिनेत्री योग करते हुए दिखाई दे रही हैं। करीना वीडियो के दौरान जो योगासन कर रही हैं, उसे हलासन या हल मुद्रा कहा जाता है। यह वीडियो योग दिवस वाले दिन पोस्ट किया था, जिसके कैप्शन में लिखा है, "क्योंकि योग दिवस करीना कपूर के साथ हमेशा बेहतर बीतता है।" अंशुका ने करीना को अपना पसंदीदा भी बताया।

योगासन

क्या होता है हलासन?

हलासन एक प्रभावी योगासन है, जिसमें शरीर को हल के आकार में लाना शामिल होता है। यह आसन पीठ, पेट और पैरों की मांसपेशियों को मजबूत करता है। साथ ही इस आसन के नियमित अभ्यास से पाचन स्वास्थ्य को सुधारने में भी मदद मिल जाती है। इस आसन में शरीर को उल्टा मोड़ना पड़ता है, जिस दौरान आपका सीना आपके चेहरे के पास आ जाता है। इस आसन के जरिए ब्लड प्रेशर को भी नियंत्रित रखा जा सकता है।

तरीका

जानिए हलासन करने का तरीका

हलासन करने के लिए सबसे पहले चटाई पर पीठ के बल लेट जाएं और अपने हाथों को शरीर से सटाकर रखें। अब सांस लेते हुए पैरों को 90 डिग्री तक ऊपर उठाएं और फिर सांस छोड़ते हुए टांगों को धीरे-धीरे सिर के ऊपर से पीछे की ओर ले जाएं। इस दौरान हाथों को कमर से हटाकर जमीन पर सीधा ही रखें। इसके बाद सांस लेते हुए धीरे-धीरे वापस प्रारंभिक अवस्था में आ जाएं।

फायदे

हलासन करने से मिलते हैं ये फायदे

रोजाना हलासन करने से आपका शरीर करीना जैसा फिट तो रहेगा ही, साथ ही आपको कई अन्य लाभ भी मिलेंगे। इसके अभ्यास से पाचन तंत्र स्वस्थ रहता है और चयापचय भी मजबूत हो जाती है, जिससे पेट से जुड़ी समस्याओं का समाधान होता है। इसके अलावा, इस योगासन के जरिए वजन घटाने में भी काफी मदद मिलती है। यह योगासन तनाव जैसी मानसिक समस्याओं से राहत दिलाने में भी कारगर हो सकता है।