Page Loader
क्या सेहत के लिए अच्छा है विटामिन वाला पानी? जानिए इसके फायदे और अन्य जरूरी बातें

क्या सेहत के लिए अच्छा है विटामिन वाला पानी? जानिए इसके फायदे और अन्य जरूरी बातें

लेखन सयाली
Oct 13, 2024
03:01 pm

क्या है खबर?

आज कल ज्यादातर लोग अपनी सेहत को लेकर जागरुक हो गए हैं और खान-पान सामग्रियों के स्वस्थ विकल्प अपनाने लगे हैं। इसी बीच विटामिन युक्त पानी की लोकप्रियता बढ़ती जा रही है, जो कि कई तरह के अलग-अलग फ्लेवर में मिलता है। विटामिन वाला पानी विटामिन और कई तरह के खनिजों से भरपूर होता है। हालांकि, इसके सेवन से पहले यह जानना जरूरी है कि क्या यह सेहतमंद है? आइए विटामिन वाले पानी के बारे में जरूरी बातें जानते हैं।

मतलब

जानिए क्या होता है विटामिन वाला पानी

विटामिन वाला पानी एक तरह का पेय है, जिसमें शरीर के लिए आवश्यक विटामिन शामिल होते हैं। यह पेय पानी की तरह फ्लेवर रहित नहीं होता और इसमें चीनी का इस्तेमाल भी किया जाता है। कहा जाता है कि इस पानी को डाइट में शामिल करने से चयापचय मजबूत होती है और शरीर को ऊर्जा भी मिलती है। इस पानी में आमतौर पर C, B3, B6, B12 और B5 जैसे विटामिन मौजूद होते हैं।

फायदे

इस पानी के सेवन से मिलते हैं ये मुख्य लाभ 

पानी की तरह विटामिन युक्त पानी भी हाइड्रेटेड रहने में मदद करता है, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। इस पानी का सेवन करने वाले लोगों का दावा है कि यह प्रतिरक्षा को बढ़ावा देता है और त्वचा की देखभाल में सहायता कर सकता है। इस पानी में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स आपको ऊर्जा से भर सकते हैं और वजन घटाने के लिए कारगर हो सकते हैं। हालांकि, वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसका सेवन करना स्वास्थ्य के लिए अच्छा नहीं होता है।

हानिकारक प्रभाव

विटामिन युक्त पानी के सेवन से हो सकते हैं ये नुकसान

विटामिन युक्त पानी को लेकर दावा किया जाता है कि यह सोडा युक्त पेय का स्वस्थ विकल्प है। हालांकि, इसमें भरपूर मात्रा में चीनी और कैलोरी मौजूद होती हैं। दावों के विपरीत यह पेय वजन बढ़ाने में योगदान दे सकता है और आपको मोटा कर सकता है। विटामिन वाले पानी के सेवन से आपको मधुमेह जैसी कई खतरनाक बीमारियां भी हो सकती हैं। इसके बजाय आपको डिटॉक्स वॉटर, ताजे फलों का जूस या हर्बल चाय का सेवन करना चाहिए।

सप्लीमेंट

आहार सप्लीमेंट बनाम विटामिन वाला पानी

जो लोग अपनी सेहत को दुरुस्त रखना चाहते हैं, वे आहार सप्लीमेंट की जगह पर विटामिन युक्त पानी का सेवन बढ़ा रहे हैं। ऐसे में दोनों के बीच के अंतर को समझना जरूरी हो जाता है। सप्लीमेंट पोषक तत्वों की खुराक प्रदान करने के लिए बनाए जाते हैं, वहीं विटामिन वाला पानी मिनरल और विटामिन जैसे पोषक तत्वों का संयोजन होता है। इन दोनों पदार्थों का सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के भूलकर भी नहीं करना चाहिए।