LOADING...
तांबे से भरपूर खाद्य पदार्थ स्ट्रोक के बाद मस्तिष्क स्वास्थ्य को बना सकता है बेहतर- अध्ययन

तांबे से भरपूर खाद्य पदार्थ स्ट्रोक के बाद मस्तिष्क स्वास्थ्य को बना सकता है बेहतर- अध्ययन

लेखन सयाली
Aug 01, 2025
07:27 pm

क्या है खबर?

तांबा एक आवश्यक खनिज है, जो शरीर के कई कार्यों में अहम भूमिका निभाता है। यह ऊर्जा को बढ़ाता है, ऊतकों का निर्माण करता है और तंत्रिका व प्रतिरक्षा प्रणाली का समर्थन करता है। आप कई तरह के खाद्य पदार्थों को खान-पान का हिस्सा बनाकर आसानी से तांबा हासिल कर सकते हैं। इसी बीच एक अध्ययन किया गया है, जिससे पता चला है कि यह पोषक तत्व मस्तिष्क स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है, खास तौर से स्ट्रोक के बाद।

अध्ययन

क्या था इस अध्ययन का उद्देश्य?

इस अध्ययन को साइंटिफिक रिपोर्ट्स नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है। इसमें शोधकर्ताओं ने तांबे युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन और संज्ञानात्मक कार्य के बीच के संबंध की जांच की। तांबा तंत्रिका तंत्र के विकास और कार्यप्रणाली के लिए जरूरी पोषक तत्व है। मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए तांबे का एक सर्वोत्तम स्तर बनाए रखना अहम होता है, क्योंकि इसकी कमी से अल्जाइमर जैसी बीमारियां हो सकती हैं। वहीं, इसकी अधिक मात्रा से ऑक्सीडेटिव तनाव बढ़ सकता है।

प्रक्रिया

अध्ययन में शामिल थे 2,420 लोग

अध्ययन में 2011-2014 तक के राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं पोषण परीक्षा सर्वेक्षण (NHANES) के 2,420 अमेरिकी प्रतिभागियों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया। ये सभी प्रतिभागी 60 साल के थे। NHANES के सर्वेक्षण में, प्रतिभागियों ने 4 संज्ञानात्मक प्रकार्य परीक्षण किए। इनमें तत्काल और विलंबित मौखिक सूची अधिगम परीक्षण (CERAD-IRT और CERAD-DRT), अंक चिह्न प्रतिस्थापन परीक्षण (DSST) और पशु प्रवाह परीक्षण (AFT) शामिल थे। वैश्विक संज्ञानात्मक स्कोर निर्धारित करने के लिए इन सभी परीक्षणों के अंकों का औसत निकाला गया।

Advertisement

जांच

प्रतिभागियों ने दिए थे खान-पान से जुड़े सवालों के उत्तर

अध्ययन के दौरान इस बात की अलग से जांच की गई थी कि लोगों की डाइट में कितना तांबा मौजूद था। इसके लिए 2 प्रश्नावली तैयार की गई थीं, जिनमें 24 घंटे में तांबा युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से जुड़े सवाल पूछे गए थे। प्रतिभागियों की स्मृति और कार्यकारी क्षमताओं का पता लगाने के लिए कई संज्ञानात्मक कार्य मूल्यांकन भी किए गए थे। अलग-अलग प्रकार के परीक्षणों की मदद से अलग-अलग चीजों की जांच की गई थी।

Advertisement

नतीजे

क्या रहे इस अध्ययन के नतीजे?

अध्ययन के मुताबिक, जिन प्रतिभागियों ने तांबे से भरपूर खाद्य पदार्थों का सबसे ज्यादा सेवन किया, उनके संज्ञानात्मक अंक सबसे कम सेवन करने वालों की तुलना में ज्यादा थे। तांबे के सेवन में वृद्धि के साथ संज्ञानात्मक कार्य में भी वृद्धि देखी गई। उपसमूह विश्लेषण से पता चला कि वैश्विक संज्ञानात्मक कार्य पर तांबे के सेवन का सकारात्मक प्रभाव विशेष रूप से स्ट्रोक के इतिहास वाले प्रतिभागियों में ज्यादा स्पष्ट था।

जानकारी

किन खाद्य पदार्थों में होता है तांबा?

अगर आप भी अपनी डाइट में तांबे का सेवन बढ़ाना चाहते हैं तो मेवे और बीज खाएं। साथ ही साबुत अनाज, फलियों, डार्क चॉकलेट और आलू व मशरूम जैसी सब्जियों में भी तांबा होता है।

Advertisement