होली के जश्न के बाद अपने शरीर को डिटॉक्स करने के लिए अपनाएं ये तरीके
क्या है खबर?
होली के दिन लोग जमकर रंग खेलते हैं और जश्न मनाते हैं। इस दौरान सभी लोग गुजिया, ठंडाई और पापड़ जैसे व्यंजनों का भी लुत्फ उठाते हैं।
हालांकि, इन मीठे और तले-भुने पकवानों का शरीर पर भारी प्रभाव पड़ता है। इनके कारण गैस, अपच और कब्जियत जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
ऐसे में आपको होली पार्टी के बाद अपने शरीर को डिटॉक्स करना चाहिए, जिसके लिए ये तरीके कारगर साबित हो सकते हैं।
#1
शरीर को डिटॉक्स करने वाले पेय पिएं
होली केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि लजीज पकवानों का भी त्योहार है। इस दिन तला-भुना खाने के बाद आप शरीर को डिटॉक्स करने के लिए पौष्टिक डिटॉक्स पेय पी सकते हैं।
ये पेय शरीर में जमे विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं और ठंडक पहुंचाते हैं। आप डाइट में खीरे का जूस, फलों वाला डिटॉक्स पानी, ग्रीन टी, तरजूद का जूस और सेब का सिरका शामिल कर सकते हैं।
ये सभी चयापचय को मजबूत करते हैं।
#2
पौष्टिक डाइट अपनाएं
होली पर अस्वास्थ्यकर भोजन खाने के बाद आपको अपना खान-पान सुधारना चाहिए। इसके लिए अपनी डाइट में प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, स्वस्थ वसा और फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करें।
ये सभी पोषक तत्व शरीर को स्वस्थ बनाने और उसे डिटॉक्स करने में योगदान देते हैं। आप कुछ दिनों तक दही चावल, खिचड़ी, कांजी या सूप जैसे हल्के पकवानों का भी सेवन कर सकते हैं।
इनके जरिए आपका पेट अच्छी तरह साफ हो जाएगा और विषाक्त पदार्थों से छुटकारा मिलेगा।
#3
अच्छी नींद लें
शरीर को डिटॉक्स करने के लिए केवल डाइट में बदलाव करना ही नहीं, बल्कि आराम करना भी जरूरी है। इसके लिए होली के जश्न के बाद अच्छी नींद लेने को प्राथमिकता दें।
रोजाना एक ही समय पर सोएं, दिन के वक्त भी झपकी लें और हर दिन 8 घंटे की नींद लें। इससे अतिरिक्त कैलोरी जलाने में भी मदद मिलेगी और आपका शरीर डिटॉक्स भी हो जाएगा।
जब आप अच्छी तरह आराम करेंगे तो आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली भी मजबूत होगी।
#4
एक्सरसाइज करें
गुजिया, पापड़, नमक पारे, दही बड़े और मीठे पकवानों में अधिक कैलोरी होती हैं, जो वजन को बढ़ा सकती हैं। ऐसे में आपको होली पार्टी के बाद नियमित एक्सरसाइज करने की आदत डाल लेनी चाहिए।
रोजाना एक घंटे का समय निकालकर जिम जाएं या घर पर ही कार्डिओ करें। इसके अलावा, आप सैर करके भी वसा और कैलोरी को जला सकते हैं।
आप होली खेलने के बाद रंग को साफ करने के लिए ये तरीके अपना सकते हैं।
#5
रात का खाना जल्दी खाएं
रात के खाने का समय बदलकर भी शरीर को डिटॉक्स किया जा सकता है। होली के जश्न के बाद कुछ दिनों तक रात का खाना 6 से 7 बजे के बीच खा लें।
ऐसा करने से आपका पाचन स्वास्थ्य दुरुस्त हो जाएगा, क्योंकि इससे आपके लिवर और पाचन तंत्र को आराम करने और कुशलतापूर्वक काम करने के लिए अधिक समय मिल जाएगा।
साथ ही, इससे आपका वजन भी कम हो जाएगा।