टी-20 विश्व कप 2026 जीतने के बाद शिवम दुबे को ट्रेन से लौटना पड़ा घर
क्या है खबर?
हाल ही में ICC टी-20 विश्व कप 2026 का समापन हुआ और भारतीय क्रिकेट टीम ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इसका खिताब अपने नाम किया। 8 मार्च को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को हराकर विजेता बनी। इसके बाद सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर रवाना हुए। इस बीच भारतीय टीम के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने बताया कि वह अहमदाबाद से मुंबई ट्रेन से अपने घर लौटे। उन्होंने इसका कारण भी बताया।
कारण
दुबे ने बताया कारण
इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए दुबे ने बताया कि ऐसा इसलिए करना पड़ा क्योंकि उस समय सभी फ्लाइट्स बुक थीं। वे जल्दी घर पहुंचकर अपने बेटे आयान और बेटी मेहविश से मिलना चाहते थे। उन्होंने कहा, "कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं थी, इसलिए मैंने सुबह जल्दी अहमदाबाद से मुंबई के लिए ट्रेन लेने का फैसला किया। हम सड़क से भी जा सकते थे, लेकिन ट्रेन ज्यादा तेज थी।" ट्रेन में उनके साथ उनकी पत्नी अंजुम और एक दोस्त भी थे।
पहचान
लोगों से कैसे बचे दुबे?
दुबे को पता था कि ट्रेन से यात्रा करने पर लोग उन्हें पहचान सकते हैं। उन्होंने कहा, "परिवार और दोस्त सभी चिंतित थे कि अगर स्टेशन या ट्रेन में किसी ने मुझे पहचान लिया तो क्या होगा?" इससे बचने के लिए दुबे ने कैप, मास्क और फुल स्लीव टी-शर्ट पहनकर खुद को छिपाने की कोशिश की। दुबे ट्रेन में 5 मिनट पहले ही चढ़े और सीधे ऊपरी बर्थ पर चले गए और ज्यादातर समय वहीं रहे।
मुंबई
मुंबई पुलिस की मदद लेनी पड़ी
दुबे को चिंता थी कि अगर वह मुंबई पहुंचकर बोरीवली स्टेशन पर दिन में उतरेंगे तो लोग पहचान सकते हैं। इसलिए उन्होंने मुंबई पहुंचने से पहले पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने कहा, "पुलिस को लगा कि मैं एयरपोर्ट से आ रहा हूं, लेकिन जब मैंने बताया कि मैं ट्रेन से आ रहा हूं तो वे हैरान रह गए। बाद में मुझे पुलिस का दस्ता मिला, जिससे स्टेशन से बाहर निकलना आसान हो गया।"
आंकड़े
टी-20 विश्व कप 2026 में ऐसा रहा प्रदर्शन
टी-20 विश्व कप 2026 में दुबे ने भारतीय क्रिकेट टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 235 रन बनाए, उनका औसत 39.16 और स्ट्राइक रेट 169.06 रहा। उन्होंने अंत में आकर बेहतरीन पारियां खेली। इस दौरान उन्होंने नीदरलैंड के खिलाफ 31 गेंदों में 66 रन की शानदार पारी भी खेली। गेंदबाजी में उन्होंने 10.2 ओवर फेंककर कुल 5 विकेट भी लिए। हालांकि, उनका इकॉनमी रेट (14.12) महंगा रहा।