
जम्मू-कश्मीरः 2018 में पाकिस्तान की तरफ से 2,936 बार सीजफायर उल्लंघन, 15 सालों में सबसे ज्यादा
क्या है खबर?
पाकिस्तान ने 2018 में रिकॉर्ड 2,936 बार सीजफायर का उल्लंघन किया है। यह पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा है।
रोजाना औसतन 8 बार हुई गोलीबारी की घटनाओं में 61 लोगों की मौत हो गई और 250 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने लोगों में भय पैदा करने के लिए नियंत्रण रेखा (LoC) और अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) के पास बसे गांवों और फॉरवर्ड पोस्ट को निशाना बनाया है।
दोहरापन
एक तरफ शांति की बात, दूसरी तरफ गोलीबारी
एक सेना अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना एक तरफ शांति बनाए रखने की बात करती रही और दूसरी तरफ सीजफायर की घटनाएं जारी रहीं।
उन्होंने कहा कि पिछले साल के दौरान लगभग 20 ब्रिगेड कमांडर लेवल और फ्लैग मीटिंग हुई थी। इनमें पाकिस्तान ने संंबंध सुधारने और सीमा पर शांति बनाए रखने की बात कही, लेकिन हर बार उन्होंने अपना वादा तोड़ा।
2018 में पाकिस्तान की तरफ से हुई गोलीबारी में 61 लोगों की मौत हुई है।
सीजफायर
बीते वर्ष बढ़े सीजफायर उल्लंघन के मामले
बीते वर्ष पाकिस्तान की तरफ से 2017 के मुकाबले तीन गुना सीजफायर उल्लंघन के मामले सामने आए हैं।
2017 में पाकिस्तान ने 971 बार सीजफायर उल्लंघन किया था, जिसमें 31 लोगों की मौत और 151 लोग घायल हुए थे। मृत लोगों में 12 नागरिक और 19 सुरक्षा बलों के जवान शामिल थे।
फायरिंग की इन घटनाओं में कठुआ, पूंछ, सांबा, रजौरी आदि जिलों के नागरिक निशाना बने। गोलीबारी से व्याप्त भय की वजह से हजारों लोगों को पलायन करना पड़ा।
सुरक्षा
सीमा के नजदीक बनाए जाएंगे 14 हजार बंकर
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी की वजह से हजारों लोगों को दूसरे स्थानों पर जाना पड़ा है जिससे शैक्षणिक और खेती से जुड़े काम प्रभावित हुए हैं।
सीमा के नजदीक बसे लोगों को गोलीबारी से बचाने के लिए केंद्र सरकार ने इन इलाकों में 14,400 भूमिगत बंकर बनाने के लिए Rs. 415 करोड़ की मंजूरी दी है।
अब तक 300 बंकर बनाए जा चुके हैं। इस साल काम में तेजी लाते हुए ऐसे 4,000 बंकर बनाए जाएंगे।
घटनाएं
पिछले कुछ समय से बढ़ रहे सीजफायर उल्लंघन के मामले
पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान की तरफ से सीजफायर उल्लंघन की घटनाओं में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
अधिकारियों ने बताया कि 2015 में सीजफायर उल्लंघन के 405 और 2014 में 583 मामले सामने आए थे।
साल 2013 में 347, 2012 में 114, 2011 में 44 और 2009 में 28 बार सीजफायर का उल्लंघन किया गया।
इससे पहले साल 2008 में 77, 2007 में 21 और 2006 में तीन ऐसे मामले सामने आए थे।
जानकारी
तीन सालों तक नहीं हुआ था एक भी बार सीजफायर का उल्लंघन
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 26 नवंबर, 2003 को पाकिस्तान के साथ सीजफायर समझौता किया था। इसके बाद 2004, 2005 और 2006 में सीमा पर एक बार भी सीजफायर समझौते का उल्लंघन नहीं हुआ था।