'टाइगर 3' से 'किक 2' तक, ये हैं सलमान खान की आने वालीं फिल्में
क्या है खबर?
27 दिसंबर को सलमान खान अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर सलमान के जन्मदिन पर फैंस भी बेहद उत्साहित दिख रहे हैं।
अपनी दबंग छवि के लिए मशहूर सलमान ने 1988 में फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' से बॉलीवुड में कदम रखा था। हालांकि, वह स्टार बने निर्देशक सूरज बड़जात्या की फिल्म 'मैंने प्यार किया' से। आने वाले दिनों में सलमान कई फिल्मों में नजर आएंगे।
आइए उनकी आगामी फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।
#1
'टाइगर 3'
सलमान ने जब से अपनी इस फिल्म की घोषणा की है, इसे लेकर दर्शक बेहद उत्साहित हैं। टाइगर सीरीज की पिछली दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल रही हैं और यही वजह है कि इसके तीसरे पार्ट का भी दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन मनीष शर्मा कर रहे हैं। इसमें एक बार फिर सलमान की जोड़ी कैटरीना कैफ के साथ बनी है।
फिल्म में अभिनेता इमरान हाशमी विलेन की भूमिका में दिखेंगे।
#2
'कभी ईद कभी दिवाली'
सलमान की यह फिल्म भी उनकी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है। इसमें उनकी जोड़ी अभिनेत्री पूजा हेगड़े के साथ बनी है। अगले साल की शुरुआत में इसकी शूटिंग शुरू होगी।
फरहाद सामजी के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी काफी हद तक सलमान के परिवार से प्रेरित होगी।
इसमें एक ऐसे परिवार की कहानी होगी, जिसमें ईद और दिवाली दोनों त्योहार मनाए जाते हैं। यह लोगों को एकता और भाईचारे का पाठ पढ़ाएगी।
#3
'किक 2'
सलमान के फैंस उनकी हिट फिल्म 'किक' के सीक्वल 'किक 2' का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 'किक' में सलमान का डेविल लुक दर्शकों के सिर पर चढ़ कर बोला। अब 'किक 2' के जरिए सलमान पर्दे पर अपने डेविल अवतार में वापसी करेंगे।
पहले यह फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसमें देरी हुई। 'किक 2' में सलमान के साथ दोबारा जैकलीन फर्नांडिस नजर आएंगी।
#4
'नो एंट्री' का सीक्वल
फिल्म 'नो एंट्री' का सीक्वल बनने जा रहा है। इसमें सलमान के साथ, फरदीन खान और अनिल कपूर भी ट्रिपल रोल में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग अगले साल शुरू होगी।
बोनी कपूर ने 'नो एंट्री' का निर्माण किया था, जबकि इसके निर्देशक थे अनीस बाज्मी। 'नो एंट्री' 2005 में रिलीज हुई। यह 2002 में रिलीज हुई तमिल फिल्म 'चार्ली चैपलिन' का रीमेक थी।
अब 'नो एंट्री' के सीक्वल को भी एक बड़े बजट के साथ बनाया जाएगा।
#5
'बजरंगी भाईजान 2'
निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म 'RRR' के प्रमोशनल इवेंट के दौरान सलमान ने अपनी सुपरहिट फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के सीक्वल की घोषणा की।
सलमान ने यह भी कहा था कि राजामौली के पिता और अनुभवी तेलुगु पटकथा लेखक के वी विजयेंद्र प्रसाद ने 'बजरंगी भाईजान 2' की कहानी लिख दी है।
'बजरंगी भाईजान' में सलमान के साथ करीना कपूर खान और हर्षाली मल्होत्रा नजर आई थीं। 2015 में आई इस फिल्म ने 300 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी।
#6, #7 और #8
'पठान', 'लाल सिंह चड्ढा' और 'गॉडफादर'
सलमान इन तीन फिल्मों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 'पठान' में सलमान, शाहरुख को दुश्मनों से बचाते दिखेंगे, वहीं आमिर खान की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'लाल सिंह चड्ढा' में भी उनका किरदार छोटा, लेकिन दिलचस्प है।
सलमान साउथ के सुपरस्टार चिरंजीवी की फिल्म 'गॉडफादर' से भी जुड़े हैं। इस फिल्म में वह चिरंजीवी के साथ एक स्पेशल डांस नंबर पर थिरकते दिखेंगे। कहा जा रहा है कि हॉलीवुड सिंगर ब्रिटनी स्पीयर्स इस गाने को अपनी आवाज देंगी।