'महारानी 5' में हुमा कुरैशी ने क्यों मुंडवाया सिर? खुद बताई वजह
क्या है खबर?
बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी 'महारानी' के 5वें सीजन में रानी भारती के किरदार में वापसी कर रही हैं। हाल ही में जारी पहले प्रोमो में उनका गंजा लुक चर्चा में आ गया है। हुमा ने बताया कि यह बदलाव उनके किरदार की मांग के अनुसार किया गया है। हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि उन्होंने पहले कभी ऐसा लुक नहीं आपनाया था और वह इसके असर को लेकर उत्साहित थीं।
घबराहट
गंजे लुक को अपनाकर घबराई हुई थीं हुमा
हुमा ने कहा, "इस सीजन में कुछ ऐसा करने की जरूरत थी, जो मैंने पहले कभी नहीं किया था। गंजे लुक को अपनाना एक अभिनेत्री के तौर पर मेरे लिए अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने जैसा था। मैं घबराई हुई थी, लेकिन साथ ही बहुत उत्साहित भी थी। कई मायनों में, इससे मुझे यह समझने में और गहराई मिली कि रानी भारती असल में कौन है। मुझे हमेशा से ऐसे किरदार आकर्षित करते रहे हैं, जिनमें कई परतें हों।"
उत्साहित
इस किरदार को निभाकर उत्साहित थीं हुमा
हुमा ने आगे कहा, "रानी भारती जैसा किरदार मिलना कोई आम बात नहीं है एक ऐसा किरदार जो लगातार स्थापित नियमों को चुनौती देता है और फिर भी अपना रास्ता खुद बनाने की हिम्मत रखता है। यह एक ऐसा किरदार है, जिसने एक कलाकार के तौर पर मुझे हमेशा चुनौती दी है और यही वजह है कि हर नए सीजन में इसे निभाने को लेकर मैं उत्साहित रहती हूं।
जीवंत
हुमा कर पाईं किरदार को जीवंत
हुमा कहती हैं, "मुझे खुशी है कि मैं अपनी तरफ से कुछ अतिरिक्त प्रयास कर पाई और निर्माताओं ने मुझ पर भरोसा जताया, जिससे हम इस किरदार को जीवंत कर सके।"
'महारानी' के पांचवें सीजन में रानी की कहानी एक नए मोड़ पर पहुंचने वाली है। हुमा के मुताबिक, इस सीजन में कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे, जिसके लिए वह दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने के लिए उत्सुक हैं।
कहानी
सीजन 5 दर्शकों को चौंका देगा- हुमा
हुमा ने कहा, "मुझे सच में लगता है कि सीजन 5 दर्शकों को कई तरह से चौंका देगा। 'महारानी' के हर सीजन ने एक कलाकार के तौर पर मेरे लिए कुछ नया पेश किया है, लेकिन यह सीजन ज्यादा ही खास लग रहा है। इस सीजन में रानी का सफर एक और दिलचस्प मोड़ लेता और मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि दर्शक इसे कैसे अनुभव करते हैं। मैं बेसब्री से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक देखें।"