LOADING...
भूमि पेडनेकर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू किया फाउंडेशन, ये सितारे भी नहीं हैं पीछे
भूमि पेडनेकर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू किया फाउंडेशन (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@bhumipednekar)

भूमि पेडनेकर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए शुरू किया फाउंडेशन, ये सितारे भी नहीं हैं पीछे

लेखन मेघा
Jul 18, 2023
02:05 pm

क्या है खबर?

भूमि पेडनेकर ने अपने शानदार अभिनय के बल पर इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई है। अभिनेत्री पर्यावरण के प्रति काफी जागरूक रहती हैं और ऐसे में आज अपने जन्मदिन के मौके पर उन्होंने एक नई शुरुआत की है। दरअसल, अभिनेत्री ने पर्यावरण संरक्षण की ओर कदम बढ़ाते हुए अपने NGO 'द भूमि फाउंडेशन' को लॉन्च किया है। हालांकि, इंडस्ट्री में ऐसे कई सितारे हैं जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में काम कर रहे हैं। आइए उनके बारे में जानते हैं।

विस्तार

अपनी कमाई का एक हिस्सा फाउंडेशन को देंगी भूमि

भूमि ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा बताया कि वह हमेशा से ही पर्यावरण के लिए कुछ करना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि उनकी कमाई का एक हिस्सा 'द भूमि फाउंडेशन' के लिए दिया जाएगा ताकि इस पैसे का उपयोग करके पर्यावरण के लिए कुछ किया जा सके। इस फाउंडेशन के जरिए भूमि का लक्ष्य संगठनों और साथी जलवायु संरक्षणवादियों को पर्यावरण के लिए काम करने में सशक्त बनाना है। अभिनेत्री की इस कदम की प्रशंसक भी तारीफ कर रहे हैं।

इंस्टाग्राम पोस्ट

पोस्ट साझा कर भूमि ने किया ऐलान

#1

आलिया भट्ट

आलिया भट्ट 'कोएक्जिस्ट' नाम से एक मुहिम शुरू कर चुकी हैं, जो लोगों को प्रकृति और मानव जीवन के बीच मौजूद सामंजस्य के बारे में बताता है। इसके जरिए आलिया पशु कल्याण के लिए भी काम करती हैं। अभिनेत्री का अपने ब्रांड एड-ए-मम्मा को खोलने का मकसद भी बच्चों के मन में प्रकृति के लिए प्रेम जगाना था। अभिनेत्री ने सभी कपड़ों के प्राकृतिक रेशों से बनवाया था, यहां तक की प्लास्टिक का बटन भी इस्तेमाल नहीं हुआ था।

#2

दीया मिर्जा

दीया मिर्जा पर्यावरण के प्रति काफी समर्पित हैं और कई संगठनों के साथ जुड़ी हुई हैं। अभिनेत्री भारत के यूएन एनवायरमेंट प्रोग्राम की गुडविल एंबेसडर हैं और ऐसे में वह लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करती रहती हैं। अभिनेत्री वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया की भी एंबेसडर होने के साथ सैंक्चुअरी नेचर फाउंडेशन की सदस्य हैं। दीया अक्सर ही पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेकर लोगों को इसके महत्व के बारे में बताती हैं।

#3

आमिर खान

आमिर खान इंडस्ट्री के उन सितारों में से एक हैं, जो पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रमों में नियमित रूप से अपना योगदान देते हैं। अभिनेता का गैर-लाभकारी संगठन 'पानी फाउंडेशन' है, जो महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में वाटरशेड प्रबंधन और सूखे की रोकथाम की दिशा में काफी वर्षों से काम कर रहा है। यह फाउंडेशन गांवों में 4-5 दिवसीय वाटर कैंप लगाकर लोगों को पानी के संरक्षण के लिए जागरूक करता है। इसका उद्देश्य पानी के लेवल को बरकरार रखना है।

#4

नाना पाटेकर

नाना पाटेकर ने अपने साथी और मराठी अभिनेता मकरंद अनासपुरे के साथ मिलकर 'नाम फाउंडेशन' की स्थापना की थी। यह एक गैर सरकारी फाउंडेशन है, जो भी महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ जैसे सूखा प्रभावित इलाकों में किसानों के लिए काम करता है। इस फाउंडेशन के जरिए अभिनेता का उद्देश्य उन किसानों की मदद करना है, जो सूखे के चलते परेशानियों का सामना करते हैं। अभिनेता कई वर्षों से इस फाउंडेशन को चलाकर किसानों की मदद कर रहे हैं।