दिग्गज अभिनेता रविंद्र महाजनी का निधन, किराए के फ्लैट में मिला शव
क्या है खबर?
मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आ रही है। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रविंद्र महाजनी का निधन हो गया है।
77 साल के अभिनेता पुणे के अंबी गांव स्थित अपने किराए के फ्लैट में मृत मिले हैं।
पड़ोसियों ने उनके फ्लैट से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी।
पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर फ्लैट का दरवाजा तोड़ा तो अभिनेता की मौत हो चुकी थी।
पुलिस का अनुमान है कि अभिनेता का निधन 3-4 दिन पहले हुआ है।
विस्तार
टीवी अभिनेता गश्मीर महाजनी के पिता हैं रविंद्र
रविंद्र हिंदी सिनेमा के अलावा मराठी सिनेमा के भी जाने-माने सितारे थे। उन्होंने मराठी फिल्मों में अभिनय के अलावा कई फिल्मों का निर्देशन भी किया है।
उन्हें मराठी सिनेमा का विनोद खन्ना कहा जाता था क्योंकि उनका अंदाज और लुक खन्ना से बहुत हद तक मिलता था।
रविंद्र टीवी शो 'इश्क में घायल' और 'इमली' में नजर आए अभिनेता गश्मीर महाजनी के पिता हैं।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
विस्तार
8 महीने से अकेले रह रहे थे अभिनेता
पुलिस के मुताबिक, रविंद्र मुंबई के रहने वाले थे, लेकिन पिछले 8 महीने से वह तलेगांव दाभाड़े के अंबी स्थित जर्बिया सोसायटी में किराए के मकान में अकेले ही रह रहे थे।
शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे पड़ोसियों ने पुलिस को उनके फ्लैट से बदबू आने की शिकायत की थी।
इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़कर उनके शव को बाहर निकाला था।
अभी अभिनेता की मौत की वजह सामने नहीं आई है।
करियर
'सात हिंदुस्तानी' से शुरू किया फिल्मी सफर
रविंद्र ने 1969 में आई अमिताभ बच्चन की फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी।
ख्वाजा अहमद अब्बास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह पुलिस अफसर के किरदार में नजर आए थे।
उन्होंने 'आराम हरामा आहे', 'दुनिया कारि सलाम', 'कलात नकलत' सहित कई मराठी फिल्मों में काम किया।
इसके बाद वह कुछ समय के लिए फिल्मी पर्दे से दूर हो गए और 2015 में 'काय राव तुम्ही' से वापसी की।
विस्तार
बेटे के साथ इन फिल्मों में आए नजर
रविंद्र अपने बेटे गश्मीर के साथ भी बड़े पर्दे पर नजर आए हैं।
उन्होंने गश्मीर की मराठी डेब्यू फिल्म 'कैरी ऑन मराठा' में कैमियो किया था। इस फिल्म को गश्मीर ने अपने पिता को समर्पित किया था।
इसके अलावा दोनों 2019 में आई कृति सैनन और अर्जुन कपूर की फिल्म 'पानीपत' का भी हिस्सा थे।
फिल्म में रविंद्र सरदार मल्हार राव होलकर के किरदार में नजर आए थे तो गश्मीर ने जनकोजी शिंदे की भूमिका निभाई थी।