SSC: जूनियर इंजीनियरों की भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू; 1,324 पद भरे जाएंगे
क्या है खबर?
सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है।
कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने 1,324 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस भर्ती अभियान के तहत सीमा सड़क संगठन, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, केंद्रीय जल आयोग समेत अन्य विभागों में जूनियर इंजीनियर के रिक्त पदों को भरा जाएगा।
योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की आखिरी तारीख 16 अगस्त से है।
पद
पदों का विवरण
सीमा सड़क संगठन में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 431 और जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल) के 55 पद हैं।
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 421 और जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 124 पद हैं।
केंद्रीय जल आयोग में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 188 और जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल) के 23 पद हैं।
फरक्का बैराज परियोजना में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 15 और जूनियर इंजीनियर (मैकेनिकल) के 6 पद हैं।
1,324 में से 613 पद अनारक्षित हैं।
जानकारी
इन विभागों में भी होगी भर्ती
सैन्य इंजीनियर सेवा में जूनियर इंजीनियर (सिविल) के 29 पद और जूनियर इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल एंड मैकेनिकल) के 18 पद हैं। जलमार्ग मंत्रालय में सिविल जूनियर इंजीनियर के 7 पद है। राष्ट्रीय तकनीकी अनुसंधान संगठन में जूनियर इंजीनियर के 6 पद हैं।
पात्रता
कौन कर सकता है आवेदन?
सीमा सड़क संगठन में जूनियर इंजीनियर पद के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
सीमा सड़क संगठन में आवेदन के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिग्री या इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा और 2 साल का कार्यानुभव होना जरूरी है।
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, केंद्रीय जल आयोग में जूनियर इंजीनियर के पदों के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग डिप्लोमा होना अनिवार्य है।
उम्मीवार आधिकारिक अधिसूचना के माध्यम से सभी पदों के लिए विस्तृत योग्यता मापदंड देख सकते हैं।
जानकारी
क्या है आयु सीमा?
सभी पदों पर आवेदन की अधिकतम आयु 30 साल है। केवल केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में जूनियर इंजीनियर पद के लिए आयु सीमा 32 साल है। SC/ST वर्ग के उम्मीदवारों को आयु में 5 साल और OBC उम्मीदवारों को 3 साल की छूट मिलेगी।
चयन
क्या है चयन प्रक्रिया?
इन पदों पर उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा।
लिखित परीक्षा में 2 पेपर होंगे। पेपर 1 में सामान्य जागरूकता, रीजनिंग और संबंधित इंजीनियरिंग विषय से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
पेपर 2 में केवल इंजीनियरिंग विषय के सवाल होंगे। दोनों परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएंगी।
दोनों पेपर में मिले अंकों के आधार पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल 7 के अनुसार, 35,400 से 1,12,400 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा।
आवेदन
ऐसे करें आवेदन
आवेदन के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
यहां होम पेज पर मौजूद भर्ती अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें और सभी दिशा-निर्देशों को सावधानी से पढ़ें।
इसके बाद अप्लाई लिंक पर क्लिक करें और आवेदन फॉर्म भरें।
आवेदन के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा।
SC/ST, दिव्यांग वर्ग और महिला उम्मीदवारों को शुल्क भुगतान से छूट दी गई है।
उम्मीदवार 17 से 18 जुलाई तक आवेदन फॉर्म में संशोधन कर सकेंगे।