Page Loader
NEET UG में सफलता के लिए भौतिकी के इन टॉपिकों पर दें विशेष ध्यान
NEET UG के लिए भौतिकी के महत्वपूर्ण टॉपिक (तस्वीरः फ्रीपिक)

NEET UG में सफलता के लिए भौतिकी के इन टॉपिकों पर दें विशेष ध्यान

लेखन राशि
Nov 20, 2023
12:49 pm

क्या है खबर?

देश के शीर्ष मेडिकल संस्थानों के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 5 मई को होगी। इसमें भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा में सफलता के लिए भौतिकी की अच्छी समझ होना आवश्यक है। ये विषय उम्मीदवारों के अंतिम स्कोर को बढ़ा सकता है। आइए NEET UG के लिए भौतिकी का पाठ्यक्रम, महत्वपूर्ण टॉपिक और तैयारी के लिए उपयोगी टिप्स जानते हैं।

पाठ्यक्रम

क्या है पाठ्यक्रम?

भौतिकी के पाठ्यक्रम में कक्षा 11 से भौतिकी और माप, किनेमेटिक्स, गति के नियम, कार्य, ऊर्जा और शक्ति, घूर्णी गति, गुरुत्वाकर्षण, ठोस और तरल पदार्थों के गुण, थर्मोडायनामिक्स, गैसों का गतिज सिद्धांत, दोलन और तरंगे जैसे टॉपिक शामिल हैं। कक्षा 12 से इलेक्ट्रोस्टैटिक्स, वर्तमान विद्युत गति, धारा और चुंबकत्व के चुंबकीय प्रभाव, विद्युत चुंबकीय प्रेरण और प्रत्यावर्ती धाराएं, विद्युतचंबकीय तरंगे, प्रकाशिकी, पदार्थ और विकिरण की दोहरी प्रकृति, परमाणु और नाभिक, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे टॉपिक शामिल हैं।

टॉपिक

जानें महत्वपूर्ण टॉपिक

उम्मीदवारों को भौतिकी के कुछ टॉपिकों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। इनमें गति, ऊर्जा, कार्य, शक्ति के नियम, कणों की प्रणाली, नाभिक, विकिरण, यांत्रिकी, प्रकाशिकी, घूर्णी गति, इलेक्ट्रोस्टैटिक्स जैसे टॉपिक जरूर कवर करें। ये उच्च अंकों में पूछे जाते हैं। इसके अलावा चुंबकीय प्रभाव, थर्मोडायनामिक्स, तरंगे और ध्वनि, आधुनिक भौतिकी, अर्धचालक और गतिकी जैसे टॉपिक भी महत्वपूर्ण है। उम्मीदवार इन टॉपिकों को पहले कवर करें ताकि रिवीजन के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

समय प्रबंधन

समय प्रबंधन पर ध्यान दें

भौतिकी अनुभाग में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए उम्मीदवारों को समय प्रबंधन पर बेहद ध्यान देना चाहिए। भौतिकी में अधिकांश सवाल संख्यात्मक समस्याओं से संबंधित आते हैं। इन्हें हल करने में ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में उम्मीदवार इन सवालों को हल करने के लिए शॉर्टकर्ट सीखें। बेहतर समय प्रबंधन के लिए टाइमर लगाकर मॉक टेस्ट हल करें। सूत्र और अवधारणाओं को लंबे समय तक याद रखने के लिए नियमित रूप से रिवीजन करें।

प्रश्नपत्र

पिछले साल के प्रश्नपत्र हल करें

भौतिकी की अवधारणाओं और बुनियादी सिद्धांतों को समझने के बाद पिछले वर्ष के प्रश्नपत्रों को हल करें। इन प्रश्नों को पहली बार में हल करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन उम्मीदवार निराश न हों, केवल अभ्यास पर ध्यान दें। भौतिकी की अच्छी तैयारी के लिए उम्मीदवारों को कम से कम पिछले 5 वर्षों के पेपर हल करना चाहिए। इससे उम्मीदवारों को परीक्षा पैटर्न और प्रश्नों के कठिनाई स्तर से परचित होने में मदद मिलेगी।