
गूगल भारत में बनाएगी लैपटॉप, CEO सुंदर पिचई ने दी ये जानकारी
क्या है खबर?
भारत में लैपटॉप बनाने का फैसला लेने वाली वैश्विक कंपनियों की लिस्ट में सैमसंग के बाद अब गूगल भी शामिल हो गई है।
यह भारत में अपने क्रोमबुक लैपटॉप की मैन्युफैक्चरिंग करेगी।
गूगल की मूल कंपनी अल्फाबेट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचई ने इस बात की पुष्टि भी कर दी है।
उन्होंने 2 अक्टूबर को एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, 'हम भारत में क्रोमबुक मैन्युफैक्चर करने के लिए HP के साथ साझेदारी कर रहे हैं।'
क्रोमबुक
भारत में पहली बार बनेंगे गूगल क्रोमबुक
पिचई ने यह भी कहा कि ये भारत में बनने वाले पहले क्रोमबुक हैं और इससे भारतीय छात्रों के लिए किफायती और सुरक्षित कंप्यूटिंग तक पहुंच आसान हो जाएगी।
क्रोमबुक निर्माण के लिए HP के साथ साझेदारी करने के गूगल के फैसले से कंपनी को भारत में आपूर्ति बढ़ाने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही गूगल प्रतिद्वंदी कंपनियों डेल और आसुस जैसी कंपनियों के विंडोज कंप्यूटरों के साथ मजबूती से मुकाबला कर पाएगी।
मैन्युफैक्चर
2 अक्टूबर से शुरू हो रही है क्रोमबुक की मैन्युफैक्चरिंग- HP
स्थानीय स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग से गूगल को भारत में निरंतर सप्लाई जारी रखने और आयात पर किसी भी तरह के प्रतिबंध से बचने में मदद मिलेगी।
क्रोमबुक का निर्माण चेन्नई के पास फ्लेक्स लिमिटेड फेसिलिटी में किया जाएगा। इसी फेसिलिटी में HP वर्ष 2020 से लैपटॉप और डेस्कटॉप बना रही है।
HP के एक बयान के मुताबिक, क्रोमबुक का उत्पादन 2 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। क्रोमबुक के जरिए कंपनी एजुकेशन सेक्टर पर फोकस कर रही है।
प्रतिबंध
प्रतिबंध के बाद लैपटॉप के स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग आई तेजी
गूगल से पहले सैमसंग को लेकर आई एक रिपोर्ट में कहा गया था कि कंपनी अक्टूबर से भारत में लैपटॉप का उत्पादन शुरू करेगी।
दरअसल, ये कंपनियां टैबलेट, पर्सनल कंप्यूटर और लैपटॉप के आयात पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग में तेजी ला रही हैं।
प्रतिबंध लगाने के साथ ही घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार वित्तीय प्रोत्साहन और टैक्स में भी छूट दे रही है।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
क्रोमबुक को गूगल नए तरह का कंप्यूटर कहती है। इन्हें तेजी से और आसानी से काम पूरा करने में मदद करने के लिए बनाया गया है।
क्रोमबुक क्रोम ऑपरेटिंग सिस्टम (OS) पर काम करते हैं। यह एक ऐसा ऑपरेटिंग सिस्टम है, जिसमें गूगल के साथ मिलने वाली बेहतरीन सेवाएं और सुरक्षा के कई स्तर होते हैं।
इनमें इंटर्नल स्टोरेज काफी कम होता है और क्लाउड स्टोरेज मिलता है।
आसुस, लेनोवो, एसर जैसी कंपनियां भी क्रोमOS पर आधारित क्रोमबुक बनाती हैं।