Page Loader
इस दशक के आखिर तक पूरा हो सकता है फ्लाइंग कार का सपना- हुंडई यूरोप प्रमुख
2030 तक आ सकती है फ्लाइंग कार

इस दशक के आखिर तक पूरा हो सकता है फ्लाइंग कार का सपना- हुंडई यूरोप प्रमुख

Jul 03, 2021
07:30 pm

क्या है खबर?

फ्लाइंग कार में बैठने का आपका सपना अब जल्द पूरा होने वाला है। हुंडई यूरोप के प्रमुख माइकल कोल ने भरोसा जताया है कि इस दशक के अंत तक फ्लाइंग कारें कल्पना से निकलकर साकार रूप में लोगों के सामने होंगी। बता दें कि इन दिनों कई फ्लाइंग कारों के ट्रायल की खबरें आई हैं। इनमें सबसे ताजा नाम क्लेन विजन की एयरकार का है, जिसने स्लोवाकिया में 35 मिनट का सफल इंटर-सिटी ट्रायल किया है।

जानकारी

कोल ने फ्लाइंग कारों को लेकर कही ये बात

एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए हुंडई यूरोप के प्रमुख माइकल कोल कहा, "इस दशक के अंत तक फ्लाइंग कार हकीकत होगी। हमें विश्वास है कि फ्लाइंग कार वास्तव में नए आविष्कार और स्मार्ट मोबिलिटी सोल्यूशंस को पेश करने के नए समाधान का हिस्सा है।"

निवेश

हुंडई कर रही है भारी निवेश

हुंडई ने अर्बन फ्लाइंग मोबिलिटी में पहले ही लगभग 1.5 बिलियन डॉलर के निवेश का वादा किया है। इसके लिए दक्षिण कोरियाई कार निर्माता फ्लाइंग टैक्सी विकसित कर रहे हैं, जो इलेक्ट्रिक बैटरी से चलती है और ज्यादा भीड़भाड़ वाले शहरी केंद्रों से हवाई अड्डों तक पांच से छह लोगों को ले जा सकती है। कोल का मानना है कि ये फ्लाइंग कारें शहरों में भीड़भाड़ को कम करने के साथ कार्बन उत्सर्जन को कम करने में भी मदद करेंगी।

जानकारी

टेस्ला भी कर रही फ्लाइंग कार का निर्माण

मई में टेस्ला प्रमुख एलन मस्क ने भी ट्विटर पर एक यूजर को जवाब देते हुए अपनी फ्लाइंग कार "टेस्ला रोडस्टर" के बारे में खुलासा किया कि यह कार "स्पेसएक्स" पैकेज विकल्प के साथ आएगी। कार में 10 रॉकेट थ्रस्टर्स होंगे जो कार के चारों ओर लगे होंगे, जिससे यह महज 1.1 सेकंड में 0-160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इस तरह इसकी रफ्तार सामान्य कारों से अधिक होगी।

टेस्ट रिजल्ट

क्या रहे ट्रायल के नतीजे

बीते महीने एयरकार का सफलतापूर्वक टेस्ट किया गया था। यह टेस्ट 35 मिनट का था, जिसमें फ्लाइंग कार ने 170 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से क्रूज किया, जो इसकी टॉप स्पीड से महज 20 किमी प्रति घंटा कम है। कार में BMW का इंजन लगा है और यह 8,200 फीट की ऊंचाई पर उड़ सकती है। मजेदार बात यह है कि इसे एक एयरक्राफ्ट में बदलने में सिर्फ 2 मिनट 15 सेकेंड का समय लगता है।