
चीन के लगभग आधे बड़े शहर तेजी से डूब रहे, करोड़ों की आबादी पर खतरा- अध्ययन
क्या है खबर?
पूरे चीन में कई बड़े शहर डूब रहे हैं और इसके कारण आने वाले दशकों में देश की एक बड़ी आबादी खतरे में है। चीनी वैज्ञानिकों ने एक नए अध्ययन में यह खुलासा किया है।
चीनी अनुसंधान संस्थानों के 50 से अधिक वैज्ञानिकों द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार, चीन के 82 बड़े शहरों में से लगभग आधे शहर डूब रहे हैं।
बता दें कि कई अन्य देशों के शहरों के लिए भी ऐसे अनुमान लगाए जा चुके हैं।
रिपोर्ट
चीन का एक चौथाई तटीय इलाका हो जाएगी समुद्री स्तर से नीचे- अध्ययन
साइंस पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, अगली कुछ सदियों में चीन की तटीय जमीन का एक चौथाई हिस्सा समुद्री स्तर से नीचे चला जाएगा।
इसका मतलब चीन के लाखों लोग पहले से ही खतरे में हैं और अगर चीन की आबादी और शहर डूबने की गति बरकरार रहती है तो यह आंकड़ा करोड़ों तक पहुंच सकता है।
अध्ययन के अनुसार, गैस, कोयला और तेल से ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन के कारण समुद्र का स्तर बढ़ रहा है।
अध्ययन
सैटेलाइट डाटा का इस्तेमाल कर किया गया अध्ययन
यह पहली बार है जब वैज्ञानिकों ने सैटेलाइट डाटा का इस्तेमाल कर यह पता लगाया गया है कि पूरे चीन में कितने शहर डूब रहे हैं। अध्ययन में यह देखा गया कि 2015 और 2022 के बीच कितने शहर डूबे।
यूरोप और अमेरिका में किए गए ऐसे ही अध्ययनों में भी कुछ शहरों के डूबने की पुष्टि हुई थी, लेकिन ये शहर इतनी तेजी से नहीं डूब रहे, जितनी तेजी से चीन के शहर डूब रहे हैं।
बयान
विशेषज्ञ बोले- यह बड़ी समस्या
ब्रिटेन की ईस्ट एंग्लिया यूनिवर्सिटी के विशेषज्ञ रॉबर्ट निकोलस ने अमेरिकी मीडिया संगठन नेशनल पब्लिक रेडियो (NPR) से कहा, "यह एक बड़ी समस्या है। बड़े स्तर पर ऐसा हो रहा है... यह साबित करता है कि यह स्थानीय समस्या नहीं है। यह राष्ट्रीय, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समस्या है।"
उन्होंने कहा कि एशिया में यह समस्या ज्यादा है क्योंकि कई एशियाई शहर नदियों के किनारे बसे हैं, जहां भारी इमारतें बनाने और भूजल निकालने से धंसने का खतरा रहता है।
फायदा
भविष्य की योजनाओं में काम आते हैं ऐसे अध्ययन
बता दें कि कितने शहर डूब या धंस रहे हैं, इससे शहरी योजनाकारों और सरकारी अधिकारियों को भविष्य में ऐसे धंसाव रोकने में मदद मिलती है। यही नहीं, कई जगह पर धंसने की प्रक्रिया को उल्टा भी किया जा सकता है।
ऐसी जगहें जहां भूजल मुख्य समस्या है, शहरी प्रशासन भूजल निकालने पर प्रतिबंध लगा सकता है। इसके अलावा जमीन में वापस पानी डालकर धंसी हुई जमीन को ऊपर लाने का काम भी किया जा सकता है।