
बिल गेट्स अपनी 17,000 अरब रुपये की संपत्ति का बड़ा हिस्सा अफ्रीका को क्यों दान देंगे?
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स अगले 20 सालों में अपनी संपत्ति का 99 प्रतिशत हिस्सा दान करने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वह करीब 200 अरब डॉलर (लगभग 17,000 अरब रुपये) दुनिया के सबसे गरीब लोगों के लिए देंगे।
यह घोषणा उन्होंने इथियोपिया के अदीस अबाबा में की, जहां अफ्रीकी संघ की बैठक में हजारों अधिकारी मौजूद थे।
गेट्स फाउंडेशन ने कहा है कि यह पैसा खासतौर पर अफ्रीकी देशों की मदद में खर्च किया जाएगा।
वजह
दान करने के पीछे क्या है गेट्स की सोच?
गेट्स ने कहा कि उन्हें अफ्रीका की स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी समस्याओं को हल करने में दिलचस्पी है।
वह मानते हैं कि अगर सही दिशा में पैसा लगाया जाए, तो हर अफ्रीकी देश तरक्की कर सकता है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और शिक्षा के जरिये मानव क्षमताओं को बढ़ाकर समृद्धि लाई जा सकती है।
इसी सोच के चलते वे चाहते हैं कि उनके जीवन के आखिरी साल दुनिया के लिए कुछ अच्छा करने में लगें, न कि संपत्ति बचाने में।
सोच
अमीर बनकर मरना नहीं चाहते गेट्स
गेट्स ने कहा कि वह एंड्रयू कार्नेगी के विचारों से प्रेरित हैं, जिन्होंने कहा था कि "जो अमीर होकर मरता है, वह शर्म से मरता है।"
इसी भावना से गेट्स ने अपने दान को बढ़ाने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि उनके पास दुनिया की कई जरूरी समस्याओं को सुलझाने का मौका है, इसलिए वह दौलत जमा करने की जगह उसका सही उपयोग करना चाहते हैं।
इसके तहत वह शिक्षा, स्वास्थ्य और बच्चों की देखभाल में पैसा लगाएंगे।
काम
अंतिम चरण मान रहे हैं ये काम
गेट्स ने कहा है कि अब उनका जीवन का अंतिम भाग शुरू हो गया है। वह खुद को एक जिम्मेदार प्रबंधक मानते हैं, जो अपने पैसे का सही इस्तेमाल करना चाहता है।
एक इंटरव्यू में उन्होंने मजाक में कहा कि हैमबर्गर खरीदने के लिए थोड़ा पैसा बचाएंगे, लेकिन बाकी सब लोगों की मदद में लगाएंगे।
गेट्स को उम्मीद है कि वे अगले 20 साल तक जिंदा रहकर इस बदलाव को अपनी आंखों से देख सकेंगे और उसका हिस्सा बन सकेंगे।