Page Loader
वैज्ञानिकों ने कड़ी मेहनत कर हासिल की बड़ी उपलब्धि, प्लास्टिक से बना डाला 18 कैरेट सोना

वैज्ञानिकों ने कड़ी मेहनत कर हासिल की बड़ी उपलब्धि, प्लास्टिक से बना डाला 18 कैरेट सोना

लेखन अंजली
Jan 16, 2020
06:46 pm

क्या है खबर?

पर्यावरण प्रदूषण तमाम देशों के लिए एक गंभीर विषय बन चुका है, जिसके निवारण के लिए कई देशों में प्लास्टिक से ईंधन और सड़कें बनाने के सफल प्रयोगों को अंजाम तक पहुंचाया गया है। मगर इस बार स्विजरलैंड के वैज्ञानिकों ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दरअसल, वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक के जरिए 18 कैरेट का सोना बना दिया है। आइए जानें कि प्लास्टिक से वैज्ञानिकों ने सोना कैसे बनाया।

प्रयोग

इस तरह वैज्ञानिकों नें प्लास्टिक से बना डाला सोना

स्विस वैज्ञानिकों ने इस सोने को बनाने के लिए प्रोटीन, फाइबर और एक पॉलिमर लेटेक्स का इस्तेमाल किया। इसके चलते प्लास्टिक को पहले सोने के नैनोक्रिस्टल की पतली डिस्क में रखा फिर उसमें पहले पानी और बाद में अल्काेहल डालकर घाेल तैयार कर लिया। इसके बाद घाेल काे कार्बन डाइऑक्साइड गैस के उच्च दबाव से प्रवाहित कर इसे ठाेस आकार में बदल दिया गया। शोधकर्ताओं ने अपनी इस प्रक्रिया और सामग्री दाेनों के लिए पेटेंट का आवेदन कर दिया है।

बयान

सामान्य सोने से दस गुना हल्का है प्लास्टिक से बना 18 कैरेट सोना

प्लास्टिक के मैट्रिक्स को मिश्र धातु के रूप में इस्तेमाल कर बनाया गया यह 18 कैरेट सोना काफी हल्का है, लेकिन इसकी चमक बिल्कुल असली सोने जैसी है। स्विस विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक राफेल मेजेन्गा ने बताया कि यह सोना सामान्य 18 कैरेट सोने से दस गुना हल्का है, क्योंकि सोने के पारंपरिक मिश्रण में तीन-चौथाई सोना और एक चौथाई तांबा होता है, जिसका घनत्व तकरीबन 15 ग्राम/सेमी होता है, लेकिन प्लास्टिक से बने सोने का घनत्व महज 1.7 ग्राम/सेमी है।

जानकारी

दुनिया की आबादी से कई गुना ज्यादा है प्लास्टिक

हाल ही में अमेरिका की स्टेनफोर्ड यूनिवर्सिटी द्वारा की गई रिसर्च के मुताबिक, धरती पर करीब 9.1 अरब टन प्लास्टिक है। जबकि दुनिया की आबादी लगभग 7.6 अरब है यानी हर व्यक्ति के हिस्से में लगभग 1.2 टन का प्लास्टिक है। इसमें सबसे ज्यादा नुकसानदेह है हवा में फैला माइक्रोप्लास्टिक, जो आम आदमी को किसी न किसी बीमारी का शिकार बना रहा है और इनमें सबसे ज्यादा पेट से जुड़ी गंभीर बीमारियां शामिल हैं।