
नासा के सिटिजन साइंस प्रोग्राम का कैसे बनें हिस्सा? यहां जानिए तरीका
क्या है खबर?
अब सिर्फ वैज्ञानिक ही नहीं, आम लोग भी नासा की रिसर्च में हिस्सा ले सकते हैं।
इसके लिए न तो बड़ी डिग्री चाहिए और न ही ज्यादा तकनीकी ज्ञान। बस मोबाइल या कंप्यूटर, इंटरनेट और थोड़ी जिज्ञासा होनी चाहिए।
नासा ने कई ऐसे प्रोजेक्ट शुरू किए हैं, जिनमें आम लोग घर बैठे ही भाग ले सकते हैं। आप ग्रह, तारे, उल्का, बादल और पर्यावरण से जुड़ी जानकारियां भेज सकते हैं।
तरीका
क्या है जुड़ने का तरीका?
नासा की 'सिटिजन साइंस' वेबसाइट (https://science.nasa.gov/citizen-science/) पर जाकर कोई भी व्यक्ति ऐसे प्रोग्राम में हिस्सा ले सकता है।
वहां अलग-अलग विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट होते हैं। जैसे ही आप कोई प्रोजेक्ट चुनते हैं, उसमें कैसे काम करना है इसकी पूरी जानकारी दी जाती है।
आपको सिर्फ रजिस्ट्रेशन करना होता है और फिर आप डाटा देखकर, रिकॉर्ड करके या रिपोर्ट भेजकर अपना योगदान दे सकते हैं। ये काम घर से ही किए जा सकते हैं।
प्रोजेक्ट
कौन-कौन से प्रोजेक्ट होते हैं उपलब्ध?
नासा के प्रोजेक्ट अलग-अलग विषयों पर होते हैं।
'बैकयार्ड वर्ल्ड्स' में अनदेखे ग्रहों की खोज की जाती है। 'ऑरोरासॉरस' में आप आसमान में दिखने वाली रोशनी की जानकारी भेज सकते हैं।
'ग्लोब ऑब्जर्वर' प्रोजेक्ट पर्यावरण से जुड़ा है, जिसमें बादल, पेड़ या मच्छरों से जुड़ा डाटा भेजा जाता है। इसके साथ ही बच्चों के लिए भी गेम के रूप में 'निमो-नेट' प्रोजेक्ट है, जिसमें वे समुद्री जीवन को पहचानते हैं।
मौके
इस योगदान से मिलते हैं बड़े मौके
इन प्रोजेक्ट्स में काम करने से सीखने का बड़ा मौका मिलता है।
कुछ लोग तो ऐसे डाटा खोजते हैं, जिनका उपयोग वैज्ञानिक रिसर्च में होता है। कई बार तो नागरिकों की खोज को नासा अपने पेपर में भी शामिल करता है।
अगर आप कोई नई चीज खोज लेते हैं, तो आपके नाम से वह दर्ज भी हो सकती है। यानी घर बैठे आप इतिहास में नाम दर्ज कर सकते हैं और विज्ञान में योगदान दे सकते हैं।
सीमा
सभी उम्र के लोग ले सकते हैं भाग
इस तरह के काम में बच्चों से लेकर बड़े तक शामिल हो सकते हैं। किसी उम्र या डिग्री की जरूरत नहीं होती, बस रुचि और थोड़ा समय चाहिए होता है।
नासा हर साल 'स्पेस ऐप्स चैलेंज' जैसा इवेंट भी कराता है, जिसमें दुनियाभर से लोग जुड़ते हैं।
इसके अलावा, समय-समय पर नासा लाइव इवेंट भी कराती है, जहां वैज्ञानिकों से बातचीत का मौका मिलता है। यह अनुभव काफी रोमांचक होता है।