Page Loader
जानवरों और पक्षियों को देखना पसंद है, तो ज़रूर देखें दुनिया के ये पाँच बेहतरीन चिड़ियाघर

जानवरों और पक्षियों को देखना पसंद है, तो ज़रूर देखें दुनिया के ये पाँच बेहतरीन चिड़ियाघर

Aug 08, 2019
03:37 pm

क्या है खबर?

अगर आप अपने परिवार के साथ किसी विदेश यात्रा पर जा रहे हैं, तो चिड़ियाघर का भ्रमण आपकी यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए। चिड़ियाघर अपने परिवार के साथ बेहतर समय का आनंद लेने के लिए सबसे अच्छी जगह है। वहाँ आपको इतिहास, स्थापत्य आश्चर्य, वन्यजीव संरक्षण को क़रीब से देखने का मौक़ा मिलता है। इसलिए, आज हम आपको दुनिया के पाँच बेहतरीन चिड़ियाघरों के बारे में बताने जा रहे हैं, जहाँ आपको ज़रूर जाना चाहिए।

#1

सिंगापुर चिड़ियाघर, सिंगापुर

हरे-भरे वर्षा वन के बीच में स्थित लोकप्रिय और विश्व स्तरीय सिंगापुर चिड़ियाघर 64 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला हुआ है। इस चिड़ियाघर में स्तनधारियों, पक्षियों और सरीसृपों की 300 से अधिक प्रजातियों के 2,800 से भी ज़्यादा जानवर रखे गए हैं। अधिकांश चिड़ियाघर से अलग यह एक खुली जगह पर स्थित है। यही वजह है कि यह चिड़ियाघर आगंतुकों के साथ-साथ यहाँ रहने वाले जानवरों, दोनों को लाभान्वित करता है।

#2

बर्लिन चिड़ियाघर, जर्मनी

1844 की शुरुआत में बना बर्लिन चिड़ियाघर, जर्मनी का सबसे पुराना चिड़ियाघर है। लगभग 9,500 जानवरों और 1,500 प्रजातियों के घर के रूप में यह दुनिया में सबसे अधिक प्रजाति वाले चिड़ियाघरों में से एक है। केवल यही नहीं इस चिड़ियाघर में एक विशाल मछलीघर भी है, जिसमें मछलियों की प्रदर्शनी के लिए 250 से अधिक टैंक रखे हुए हैं। इसके अलावा यहाँ आश्चर्यजनक मैदान और अद्भुत वास्तुकला भी देखी जा सकती है।

#3

लंदन चिड़ियाघर, यूनाइटेड किंगडम

लंदन चिड़ियाघर का एक लंबा और प्रतिष्ठित इतिहास रहा है। शुरू में एक पशु अनुसंधान सुविधा के रूप में कार्य करते हुए चिड़ियाघर को 1847 में सार्वजनिक रूप से खोला गया था। यहाँ दुनिया का पहला सरीसृप घर, पहला सार्वजनिक मछलीघर और पहला पेंटिंग चिड़ियाघर खोला गया है। इस चिड़ियाघर में सरीसृप, गोरिल्ला और अन्य जीवों की विस्तृत विविधता है। साथ ही इस चिड़ियाघर में पानी के नीचे करतब दिखाने वाला एक बड़ा पेंग्विन बीच भी है।

#4

बीजिंग चिड़ियाघर, चीन

1906 में स्थापित इस चिड़ियाघर की शुरुआत बहुत छोटे रूप में हुई थी। पहले यहाँ केवल 12 बंदर, एक तोता और एक अंधा ईमू रखा गया था, लेकिन अब यह चिड़ियाघर काफ़ी बड़ा हो गया है। आज यह चिड़ियाघर 219 एकड़ ज़मीन में फैला है और यहाँ 950 प्रजातियों के जीव-जंतु रहते हैं। चिड़ियाघर की सबसे लोकप्रिय जगहें चीनी जानवरों की है, जिसमें विशालकाय पांडा, दक्षिण चीन के बाघ, चीनी मगरमच्छ और चीन का ग्रेट सालमंदर शामिल हैं।

#5

सैन डिएगो चिड़ियाघर, अमेरिका

सदियों पुराना सैन डिएगो चिड़ियाघर कुछ विदेशी प्राणियों का घर है, जिनमें विशाल पांडा, कोआला, तेंदुए, हाथी, चीनी मगरमच्छ और अन्य कई शामिल हैं। इन सभी को उनके 10 अलग-अलग जलवायु क्षेत्रों में वितरित किया गया है। आप वहाँ पर आर्कटिक टुंड्रा से बारिश के जंगल में कुछ ही मिनटों में टहल सकते हैं। इसके अलावा आप सात लाख से अधिक पौधों वाले इसके विशाल वनस्पति उद्यान के चारों तरफ़ भी भ्रमण कर सकते हैं।

जानकारी

विश्व के अन्य प्रसिद्ध चिड़ियाघर

दुनियभर में घूमने के लिए अन्य बेहतरीन चिड़ियाघरों में टारोन्गा चिड़ियाघर (सिडनी), स्चोनब्रुनन चिड़ियाघर (विएना, ऑस्ट्रिया), राष्ट्रीय प्राणि उद्यान (प्रिटोरिया, दक्षिण अफ्रीका), ब्रोंक्स चिड़ियाघर (न्यूयॉर्क शहर, अमेरिका), टोरंटो चिड़ियाघर (टोरंटो, कनाडा) और ज़ूरासिया (योकोहामा, जापान) शामिल हैं।