Page Loader
अपनी रसोई में रखी इन चीजों को समय-समय पर बदलें, स्वास्थ्य के लिहाज से जरूरी

अपनी रसोई में रखी इन चीजों को समय-समय पर बदलें, स्वास्थ्य के लिहाज से जरूरी

लेखन सयाली
Aug 29, 2024
10:46 am

क्या है खबर?

रसोई में खाना बनाने और सामग्रियों को स्टोर करने के लिए कई चीजों का इस्तेमाल होता है। रोजाना सफाई करने के बावजूद भी कई ऐसे खाद्य पदार्थ व बर्तन होते हैं, जो गंदे रह जाते हैं। प्लास्टिक की बोतल और सब्जी काटने वाले बोर्ड जैसी खान-पान में इस्तेमाल होने वाली चीजों को समय-समय पर बदलते रहना चाहिए। लंबे समय तक इनका इस्तेमाल करना स्वास्थ्य को बिगाड़ सकता है। जानिए रसोई की वे चीजें, जिनको थोड़े वक्त में बदल देना चाहिए।

#1

सब्जी छीलने वाला चाकू

भारतीय खान-पान में सब्जियों का अधिक इस्तेमाल होता है, जिन्हें छीलने के लिए छीलने वाला चाकू उपयोग होता है। चाहे आपका सब्जी छीलने वाला चाकू कितनी भी अच्छी गुणवत्ता का क्यों न हो, समय के साथ उसकी धार कम हो जाती है। जब उसमें जंग लग जाए या वह टूट जाए तो उसे तुरंत बदल दें। कार्बन से बने सब्जी छीलने वाले चाकू अधिक समय तक चलते हैं, जो बाजार में सस्ते दामों पर उपलब्ध होते हैं।

#2

वाटर फिल्टर

इन दिनों सभी के घरों में वाटर फिल्टर लगा होता है, जिसके जरिए साफ पानी मिलता है। हालांकि, समय-समय पर इस फिल्टर को बदलना बेहद जरूरी होता है। लंबे समय से इस्तेमाल हो रहे वाटर फिल्टर में गंदगी भर जाती है, जिससे बीमारियां हो सकती हैं और वह खराब हो सकता है। आपको इसे हर 12 महीने पर बदल लेना चाहिए। आप हल्दी खत्म होने पर उसके विकल्प के रूप में ये मसाले इस्तेमाल कर सकते हैं।

#3

बेकिंग सोडा और मसाले

सभी लोग बाजार से मसाले खरीदने के बाद उन्हें डिब्बों में भर लेते हैं और पैकेट फेक देते हैं। ऐसा करने से उनकी एक्सपाइरी डेट याद रखना नामुमकिन हो जाता है। पुराने मसालों के साथ खाना पकाने से शायद आपको कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन ये आपके भोजन का स्वाद कम कर सकते हैं। ऐसे में मसाले खरीदते समय उनकी एक्सपाइरी डेट नोट करें और समय-समय पर उन्हें बदल लें। पुराने बेकिंग सोडा को भी फेंकना जरूरी होता है।

#4

सब्जी काटने वाले बोर्ड

किचन में सब्जी काटते समय सभी लोग चॉपिंग बोर्ड का इस्तेमाल करते हैं। लकड़ी और प्लास्टिक से बने सब्जी काटने वाले बोर्ड पर समय के साथ बैक्टीरिया पनपने का खतरा रहता है। इन्हें अच्छी तरह से साफ करने के लिए आपको गर्म पानी और बर्तन धोने वाले साबुन का उपयोग करना चाहिए। हालांकि, अगर आपके चॉपिंग बोर्ड पर कोई दरार या खरोच आ गई है तो उसे तुरंत बदल लें।

#5

प्लास्टिक की बोतल और डिब्बे

हर किसी की रसोई में खाद्य पदार्थों और पानी को स्टोर करने के लिए प्लास्टिक की बोतलें व डिब्बे जरूर उपयोग होते होंगे। ये सुविधाजनक और सस्ते तो होते हैं, लेकिन इन्हें लंबे समय तक इस्तेमाल करना खतरनाक होता है। इन डिब्बों व बोलतों में मौजूद प्लास्टिक के महीन कण समय के साथ खाने और पानी में घुल सकते हैं। अगर आपके प्लास्टिक के डिब्बों का रंग उतरने लगा है या उनसे दुर्गंध आने लगी है तो उन्हें बदल दें।