लोहड़ी 2023: इन व्यंजनों के बिना अधूरा है त्योहार, घर पर जरूर बनाएं
क्या है खबर?
लोहड़ी पंजाबियों का सबसे प्रमुख त्योहार है और यह सर्दियों में बोई जाने वाली रबी फसलों की कटाई से जुड़ा है।
इस त्योहार को ढोल-नगाड़ों पर नाच-गाने और तरह-तरह व्यंजनों के साथ धूमधाम से मनाया जाता है।
आइए आज हम आपको पांच पारंपरिक व्यंजनों की रेसिपी के बारे में बताते हैं, जिनके बिना इस त्योहार का मजा अधूरा सा लगता है।
#1
सरसों का साग
इसे बनाने के लिए सरसों के पत्ते, पालक, कटी हुई हरी मिर्च, लहसुन, हल्दी और अदरक को छह-सात मिनट के लिए प्रेशर कुक कर लें।
अब इस मिश्रण को ब्लेंडर में डालककर अच्छे से पीस लें। फिर इस मिश्रण को 25-30 मिनट के लिए उबालें।
इसके बाद एक पैन में बारीक कटे प्याज भूनें और फिर इसमें साग डालकर उसे अच्छे से हिलाएं और कुछ देर तक उबालें।
अंत में गरमागरम साग को मक्के की रोटी के साथ परोसें।
#2
पिंडी छोले
इसे बनाने के लिए गरम घी में जीरा, कटी हुई हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक भूनें।
अब इसमें बारीक कटे टमाटर डालें और पांच मिनट तक पकाएं। फिर इसमें धनिया पाउडर, सेंधा नमक और हल्दी पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
इसके बाद इसमें उबले हुए सफेद छोले मिलाएं और चार-पांच मिनट तक पकाएं। फिर इसमें पानी डालकर अच्छी तरह पका लें।
अंत में इस पर पत्तेदार धनिया गर्निश करके इसे परोसें।
#3
अंजीर की बर्फी
सबसे पहले अंजीर को दो घंटे के लिए पानी में भिगो दें, फिर इसे मिक्सी में पीस दें।
इसके बाद अंजीर के पेस्ट को घी में भून लें, फिर इसमें कन्डेंस्ड मिल्क और इलायची पाउडर डालें।
अब इसमें काजू का पाउडर मिलाएं और इस मिश्रण को एक चिकनी प्लेट में डालकर अच्छे से फैलाएं, फिर इस पर खसखस का पाउडर छिड़कें।
30 मिनट के बाद बर्फी के मिश्रण को चाकू से चकोर आकार में काटें और इसका सेवन करें।
#4
तिल की चिक्की
सबसे पहले एक कढ़ाई में सफेद तिलों को धीमी आंच पर भूनें और जब तिल फूलने लगे तो गैस को बंद करके इन्हें एक प्लेट में निकाल लें।
इसके बाद कढ़ाई में देसी घी गरम करके इसमें आवश्यकतानुसार गुड़ को पिघलाएं। जब गुड़ अच्छे से पिघल जाए तो गैस बंद करके इसमें भूने हुए तिल मिलाएं।
अब मिश्रण को प्लेट में फैलाएं और जब मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए तो इसे चाकू से काटकर कोई आकार दें। फिर इसे परोसें।
#5
गोंद के लड्डू
इन लड्डू को बनाने के लिए पहले गरम देसी घी में थोड़ा-थोड़ा करके गोंद डालें और जब गोंद फूल जाए तो इसे एक प्लेट में निकालें।
अब कढ़ाई में बचे घी में आटे को हल्का ब्राउन होने तक धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भूनें।
इसके बाद खरबूजे के बीजों को भूनें, फिर आटे, बीज, गोंद, काजू, बादाम, चीनी का बूरा और इलाइची पाउडर को एक साथ मिलाएं।
इस मिश्रण से थोड़ी-थोड़ी सामग्री उठाएं और इससे गोल लड्डू बना लें।