Page Loader
छठ पूजा पर बनाएं पारंपरिक लाल साग की सब्जी, आसान है इसकी रेसिपी
छठ पूजा पर बनाएं लाल साग की सब्जी

छठ पूजा पर बनाएं पारंपरिक लाल साग की सब्जी, आसान है इसकी रेसिपी

लेखन गौसिया
Oct 26, 2022
09:00 pm

क्या है खबर?

दिवाली का त्योहार खत्म होते ही लोग छठ पूजा की तैयारियां करना शुरू कर देते हैं। इस खास पूजा के बाद से ठंड की भी शुरुआत होने लगती है, इसलिए इस मौके पर ऐसा खाना बनाया जाता है जो आपके शरीर को गर्म रखे। इसके लिए लाल साग की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प है क्योंकि इसमें कई पोषक तत्व होते हैं। आइए आज हम आपको घर पर ही लाल साग की सब्जी बनाने का आसान तरीका बताते हैं।

सामग्रियां

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1) तीन कप कटा हुआ लाल साग 2) दो बड़ा चम्मच तेल 3) तीन सूखी लाल मिर्च 4) एक चौथाई छोटी चम्मच हींग 5) एक छोटी चम्मच जीरा 6) एक चौथाई छोटी चम्मच हल्दी पाउडर 7) एक चौथाई छोटी चम्मच राई 8) एक छोटी चम्मच सफेद तिल 9) एक छोटी चम्मच अमचूर पाउडर 10) पिसा या कद्दूकस किया हुआ अदरक 11) स्वादानुसार नमक

स्टेप-1

इस तरह करें सब्जी बनाने की शुरुआत

लाल साग की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले साग को अच्छी तरह से धोकर काट लें। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और इसमें हींग, जीरा, सूखी लाल मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालकर अच्छी तरह भूनें। अब इसमें कटा हुआ लाल साग डाल दें और चार पांच मिनट तक पकने दें। जब साग आधा पक जाए तो इसी में लाल मिर्च, हल्दी, अमचूर पाउडर और नमक डालकर मिला लें।

स्टेप-2

ऐसे लगाएं सब्जी में स्वाद का तड़का

इस मिश्रण को बीच-बीच में चलाते रहना है ताकि साग छिपके नहीं। जब सब्जी तेल छोड़ने लगे तो गैस बंद कर दीजिए। लाल साग की सब्जी का स्वाद बढ़ाने के लिए अब इसमें ऊपर से तड़का लगाएं। इसके लिए एक अलग पैन लेकर इसमें तेल गर्म करें। फिर इसमें सूखी और खड़ी लाल मिर्च, राई और तिल डालें। इसके बाद इसे सब्जी में डाल दें। अब आपकी स्वादिष्ट और पोषक तत्वों से भरपूर लाल साग की सब्जी तैयार है।

फायदे

लाल साग की सब्जी खाने से मिलेंगे ये फायदे

छठ का त्योहार बदलते मौसम में आता है। इस समय कई लोग बीमार पड़ जाते हैं क्योंकि उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। ऐसे में उन लोगों के लिए लाल साग की सब्जी का सेवन करना बेहतर रहेगा। इस साग में विटामिन ए, विटामिन के और एंटी-ऑक्सीडेंट जैसे अनेक गुण होते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं। ये आपके आंखों को सुरक्षित रखता है और हृदय से जुड़े रोगों को भी कम करता है।