अमेरिका ने खालिस्तानी आतंकी पन्नू को मारने की साजिश नाकाम की, भारत पर लगाया आरोप- रिपोर्ट
क्या है खबर?
अमेरिका ने उसकी धरती पर खालिस्तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्नू को मारने की साजिश को नाकाम किया था। फाइनेंशियल टाइम्स ने अज्ञात अधिकारियों के हवाले से ये जानकारी दी है।
अखबार ने यह भी बताया कि अमेरिकी सरकार ने भारत के इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाते हुए भारत को 'चेतावनी जारी' की थी।
बता दें कि पन्नू खालिस्तान समर्थित संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) का नेता है।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में क्या कहा गया है?
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों ने अमेरिकी धरती पर एक सिख अलगाववादी की हत्या की साजिश को विफल किया था। कथित तौर पर ये साजिश भारत की ओर से रची जा रही थी और इसके जरिए पन्नू को निशाना बनाया जाना था।
मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, अभी इस बात का खुलासा नहीं हुआ है कि ये योजना क्या भारत को अमेरिका की चेतावनी के बाद स्थगित की गई या संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने इसमें हस्तक्षेप किया।
अमेरिका
निज्जर हत्याकांड में भी भारत पर लगे हैं आरोप
ये मामला ऐसे वक्त सामने आया है, जब खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर भारत और कनाडा में पहले से ही विवाद चल रहा है। कनाडा ने निज्जर की हत्या में भारत का हाथ होने की बात कही है। कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा था कि उनके पास इस संबंध में पुख्ता सबूत हैं।
अब अमेरिका की तरफ से भी ऐसे आरोप भारत की छवि को नुकसान पहुंच सकते हैं।
उड़ान
पन्नू ने एयर इंडिया की उड़ानें रोकने की दी थी धमकी
बता दें कि हाल ही में पन्नू ने एक वीडियो में 19 नवंबर को एयर इंडिया की उड़ानें बंद करने और बम से उड़ाने की धमकी दी थी।
पन्नू ने सिख समुदाय के लोगों को 19 नवंबर को एयर इंडिया की किसी भी फ्लाइट से सफर करने से बचने की सलाह दी थी। इसके बाद दिल्ली और पंजाब के एयरपोर्ट पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी।
इस मामले में भी NIA ने पन्नू के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
NIA
पन्नू से जुड़े 14 ठिकानों पर NIA ने मारा छापा
इस बीच भारत में पन्नू के खिलाफ कार्रवाई जारी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पंजाब और हरियाणा में पन्नू से जुड़े 14 स्थानों पर छापे मारे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमले के संबंध में की गई है।
21 नवंबर को दिल्ली पुलिस ने भी कई जगह देश विरोधी नारे लिखने के आरोप में पन्नू के साथी मलख सिंह को हरियाणा से गिरफ्तार किया था।
प्लस
न्यूजबाइट्स प्लस
पन्नू अमृतसर के खानकोट गांव का रहने वाला है और पंजाब यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई के बाद विदेश चला गया था। तभी से वो कनाडा तो कभी अमेरिका में रह रहा है।
विदेश में रहकर वो खालिस्तानी गतिविधियों को अंजाम देता है और भारत के खिलाफ ऑनलाइन अभियान चलाता है। वो वीडियो जारी कर भारत सरकार के खिलाफ जहर उगलता है। भारत ने 1 जुलाई, 2020 को पन्नू को आतंकवादी घोषित किया था।