हवाई यात्रा के दौरान खो गया सामान? गूगल के इस फीचर से लगाएं पता
क्या है खबर?
लंबी हवाई यात्रा की थकान, आपाधापी और हवाई अड्डे से जल्दी निकलने के चक्कर में कई बार लोग अपना सामान भूल जाते हैं या किसी कारण से खो जाता है। इससे आपको परेशानी हो सकती है। इस समस्या के समाधान के लिए गूगल ने अपने फाइंड हब ऐप में एक नया फीचर पेश किया है, जिससे यात्री अपने खोए हुए सामान की लोकेशन सीधे एयरलाइंस के साथ शेयर कर सकते हैं। आइये जानते हैं यह फीचर कैसे काम करता है।
तकनीक
ऐसे काम करता है यह फीचर
कई वैश्विक एयरलाइंस कंपनियां खोए हुए सामान का पता लगाने के लिए गूगल के फाइंड हब इकोसिस्टम के भीतर 'शेयर आइटम लोकेशन' फीचर का सपोर्ट करती हैं। इस सुविधा से यात्री एक सुरक्षित लिंक बना सकते हैं, जो उनके सामान की वास्तविक समय की लोकेशन दिखाता है, बशर्ते उसमें सपोर्ट करने वाला ट्रैकर टैग लगा हो। इस लिंक को एयरलाइन प्रतिनिधियों के साथ शेयर किया जा सकता है, जिससे वे सामान की सटीक लोकेशन का पता लगा सकें।
तरीका
खाेया सामान का ऐसे लगाएं पता
इस सुविधा का उपयोग करने के लि यात्रियों को अपने एंड्रॉयड डिवाइस पर फाइंड हब ऐप खोलना होगा, खोई हुए सामान का चयन करना होगा और 'शेयर आइटम लाेकेशन' विकल्प पर टैप करना होगा। इससे एक सुरक्षित URL जनरेट होगा। इसे एयरलाइन के ऐप या वेबसाइट के माध्यम से शेयर किया जा सकता है। एयरलाइन टीम अपडेट होते ही सामान की लोकेशन को ट्रैक कर सकती है। लोकेशन शेयर करने की सुविधा को कभी भी बंद कर सकते हैं।
एयरलाइंस
ये एयरलाइंस करती हैं इस सुविधा को सपोर्ट
गूगल के शेयर आइटम लोकेशन फीचर का एयर इंडिया, चाइना एयरलाइंस, सऊदिया एयरलाइंस, टर्किश एयरलाइंस और स्कैंडिनेवियन एयरलाइंस सपोर्ट करती हैं। इसके अलावा लुफ्थांसा समूह के अंतर्गत आने वाली लुफ्थांसा, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रसेल्स एयरलाइंस और स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस भी यह सुविधा प्रदान करती हैं। यात्रियों को अपने बैग की सटीक स्थिति शेयर करने की सुविधा देकर एयरलाइंस सामान की प्राप्ति में होने वाली देरी को कम कर रही हैं और समग्र यात्रा अनुभव को बेहतर बनाती हैं।