LOADING...
क्या है UIDAI का आधार बग बाउंटी प्रोग्राम? जानिए इसे शुरू करने की वजह
UIDAI ने अपने सिस्टम्स में खामियों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों को आमंत्रित किया है

क्या है UIDAI का आधार बग बाउंटी प्रोग्राम? जानिए इसे शुरू करने की वजह

Mar 15, 2026
10:30 am

क्या है खबर?

भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने अपने प्रमुख सिस्टम्स में खामियों का पता लगाने के लिए साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और एथिकल हैकर्स को आमंत्रित किया है। आधार से संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से उसका पहला आधार बग बाउंटी प्रोग्राम है। यह शोधकर्ताओं की विशेषज्ञता का लाभ उठाकर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बनाया है। ये उन कमजोरियों का पता लगाने में मदद कर सकते हैं, जो सुरक्षा ऑडिट के दौरान सामने नहीं आतीं।

काम 

इस प्रोग्राम के तहत काम होंगे काम

बग बाउंटी प्रोग्राम के तहत चयनित सुरक्षा शोधकर्ता UIDAI के कई डिजिटल प्लेटफॉर्म का परीक्षण करेंगे। इनमें UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट, मायआधार पोर्टल और सुरक्षित QR कोड एप्लिकेशन शामिल हैं। शोधकर्ता इन प्लेटफॉर्म पर संभावित सुरक्षा खामियों की जांच करेंगे। पहचानी गई किसी भी खामी की सूचना निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से जिम्मेदारी से देनी होगी। UIDAI रिपोर्ट का मूल्यांकन करेगा और पुरस्कार जारी करने से पहले उसकी गंभीरता का स्तर निर्धारित करेगा।

चयन 

ऐसे किया गया प्रतिभागियों का चयन

UIDAI ने प्रारंभिक चरण में भाग लेने के लिए 20 अनुभवी सुरक्षा शोधकर्ताओं और एथिकल हैकर्स का एक पैनल चुना है। इन विशेषज्ञों का चयन साइबर सुरक्षा संबंधी कमजोरियों पर शोध और अभ्यास के क्षेत्र में उनके अनुभव के आधार पर किया गया है। प्रतिभागियों के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं। उन्हें सुरक्षा खामियों की रिपोर्ट सीधे UIDAI को कार्यक्रम के आधिकारिक चैनल्स के माध्यम से करनी होगी। इससे पहले खामियों को सार्वजनिक नहीं कर सकेंगे।

Advertisement

पुरस्कार 

खामियों के स्तर के हिसाब से मिलेगा पुरस्कार 

सुरक्षा खामियों का पता लगाने और जिम्मेदारी से उनकी रिपोर्ट करने वाले प्रतिभागियों को पहचानी गई खामी की गंभीरता के आधार पर पुरस्कार दिए जाएंगे। इन खामियों को 4 लेबल- गंभीर, उच्च, मध्यम और निम्न में बांटा गया है। खोजी गई सुरक्षा खामी के प्रभाव और गंभीरता के आधार पर पुरस्कार अलग-अलग होंगे। इसका उद्देश्य जिम्मेदारीपूर्ण प्रकटीकरण को प्रोत्साहित करना और आधार के साइबर सुरक्षा ढांचे को मजबूत करना है।

Advertisement

वजह 

प्रोग्राम शुरू करने की क्यों पड़ी जरूरत?

प्राधिकरण ने कहा कि डिजिटल इकोसिस्टम में साइबर सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है, खासकर उन प्लेटफॉर्म्स के लिए, जो बड़े पैमाने पर पहचान डाटा को संभालते हैं। UIDAI पहले से ही सुरक्षा ऑडिट, कमजोरियों का आकलन, पेनिट्रेशन टेस्टिंग और निरंतर निगरानी सहित कई स्तरों की सुरक्षा का उपयोग करता है। बग बाउंटी प्रोग्राम सुरक्षा का एक और स्तर जोड़ता है, जिससे स्वतंत्र विशेषज्ञ जोखिमों की पहचान करने और आधार डिजिटल सेवाओं की सुरक्षा को मजबूत करने में मदद कर सकते हैं।

Advertisement