आलिया भट्ट के करियर का मील का पत्थर, 'RRR' जैसी ब्लॉकबस्टर भी नहीं दे पाई टक्कर
क्या है खबर?
आलिया भट्ट ने यूं तो कई फिल्मों में काम किया है, लेकिन उनकी एक ऐसी फिल्म भी आई, जिसने मुंबई की तंग गलियों से निकलकर पूरी दुनिया के दिल में अपनी जगह बना ली। ये फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश करने में सफल रही, बल्कि इसने IMDb पर भी कमाल किया। आलिया 33 साल की हो गई हैं। आइए इस खास मौके पर उनकी इसी फिल्म के बारे में जानते हैं।
रिकॉर्ड
'गली बॉय' ने IMDb पर 'RRR' को भी छोड़ा पीछे
ये फिल्म कोई और नहीं, बल्कि 'गली बॉय' है, जिसने IMDb पर अपनी धाक जमाई। आलिया ने अपने करियर में 'राजी' से लेकर, 'गंगूबाई काठियावाड़ी' और 'उड़ता पंजाब' जैसी कई फिल्में दी हैं, लेकिन 7.9 की IMDb रेटिंग के साथ 'गली बॉय' आज भी उनके करियर की सबसे ज्यादा रेटिंग वाली सोलो लीड (हिंदी) फिल्मों में शुमार है। हालांकि उन्होंने 'RRR' जैसी ब्लॉकबस्टर में भी काम किया है, लेकिन रेटिंग के मामले में ये भी 'गली बॉय' से पीछे है।
कहानी
संघर्ष और सपनों की दमदार कहानी
ये फिल्म मुंबई की धारावी झुग्गियों में रहने वाले मुराद (रणवीर सिंह) के संघर्ष की कहानी है, जो अपनी गरीबी और पारिवारिक मजबूरियों को पीछे छोड़कर एक बड़ा 'रैपर' बनने का सपना देखता है। मुराद की इस मुश्किल राह में उसकी सबसे बड़ी ताकत उसकी प्रेमिका सफीना (आलिया) है, जो एक मेडिकल स्टूडेंट है और बेहद जिद्दी व बेबाक स्वभाव की है। मुराद को एमसी शेर (सिद्धांत चतुर्वेदी) का साथ मिलता है, जो उसे पहचान दिलाने में मदद करता है।
कमाई
कम बजट में बड़ा धमाका
'गली बॉय' न केवल समीक्षकों की पसंद रही, बल्कि इसने बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त धमाल मचाया। इस फिल्म को लगभग 84 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया था। फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगभग 140.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। दुनियाभर के बाजारों को मिलाकर इस फिल्म ने कुल 238.16 करोड़ रुपये की भारी-भरकम कमाई की। अपने बजट के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा कमाई कर ये साल 2019 की 'सुपरहिट' फिल्मों में शामिल हो गई।
उपलब्धि
भारत की ओर से ऑस्कर भेजी गई थी 'गली बॉय'
जोया अख्तर के निर्देशन में बनी गली बॉय' की जबरदस्त कहानी का ही नतीजा था कि इसे साल 2019 में 92वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना था। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ अंतर्राष्ट्रीय फीचर फिल्म की श्रेणी में ऑस्कर के लिए भेजा गया था। हालांकि, ये शॉर्टलिस्ट नहीं हो पाई, लेकिन ऑस्कर की दौड़ में शामिल होना ही अपने आप में एक बहुत बड़ी उपलब्धि थी। अब आलिया जल्द ही फिल्म 'अल्फा' में नजर आएंगी।